मंडोर किला मेहरानगढ़ म्यूजिय़म ट्रस्ट को सुपुर्द
जोधपुर। मेहरानगढ़ म्यूजिय़म ट्रस्ट, भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय एवं भारतीय सर्वेक्षण विभाग के बीच हुए एमओयू के तहत मण्डोर किला मेहरानगढ़ म्यूजिय़म ट्रस्ट को रख-रखाव एवं संरक्षण हेतु सुपुर्द किया गया है। इस सम्बन्ध में दिल्ली में हुई बैठक में मेहरानगढ़ म्यूजिय़म ट्रस्ट की ओर से ट्रस्ट के निदेशक करणीसिंह जसोल और पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार की ओर से संयुक्त निदेशक मीनाक्षी मेहता ने संयुक्त रूप से अनुबंध पर हस्ताक्षर किए।
मेहरानगढ़ म्यूजिय़म ट्रस्ट के निदेशक करणीसिंह जसोल ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा यहां पर सैलानियों के लिए सुविधा विकसित की जाएगी जिसमें सम्पूर्ण किले परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, स्थान-स्थान पर साइनेज बोर्ड लगवाने के साथ ही मोबाइल एप लांच किया जाएगा, ताकि जोधपुर आने वाले पर्यटकों के लिए यह किला महत्वपूर्ण दर्शनीय स्थल बन सके।
गौरतलब है कि मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट, देवस्थान विभाग से पंजीकृत है और राजस्थान ही नहीं अपितु भारत के कला, संस्कृति एवं सरंक्षण के क्षेत्र में अग्रणीय सस्ंथान है। मेहरानगढ़ म्यूजिय़म ट्रस्ट द्वारा मण्डोर स्थित छतरियों को भी राजस्थान सरकार के संस्कृति विभाग के साथ हुए एक अनुबंध के तहत संरक्षण हेतु गोद लिया हुआ है, जिसके तहत प्राचीन छतरियों एवं देवलों को संरक्षित एवं सुरक्षित किया जा रहा है। इसी कड़ी में ट्रस्ट द्वारा मण्डोर किले को भी भविष्य में एक विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जायेगा।