जेडीए में यातायात नियंत्रण बोर्ड की बैठक सम्पन्न
जोधपुर। जोधपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त कमर चौधरी की अध्यक्षता में यातायात नियंत्रण बोर्ड की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जोधपुर शहर के समग्र मॉबिलिटी ड्राफ्ट प्लान की तैयारी पर चर्चा कर सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश प्रदान किए गए कि सात दिवस के भीतर अपने सुझाव प्राधिकरण में प्रस्तुत करें। प्राधिकरण आयुक्त ने बैठक में कहा कि विभिन्न सुझावों के उपरान्त आवश्यक संशोधन करते हुए आमजन के समक्ष सुझावों हेतु शहर के ट्रैफिक मॉबिलिटी प्लान का ड्राफ्ट प्राधिकरण की वेबसाइट पर उपलब्ध करवाया जाएगा। आमजन से प्राप्त जनोपयोगी सुझावों को ध्यान में रखते हुए शहर के समग्र मॉबिलिटी प्लान को अन्तिम रूप दिया जावेंगा।
बैठक में शहर के सुगम यातायात हेतु आवश्यक सुधार एवं उच्च न्यायालय की पालना सुनिश्चित करने हेतु संबंधित विभागों को प्राधिकरण आयुक्त द्वारा आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। बैठक में यातायात व्यवस्था को दुरूस्त करने हेतु गतिसीमा के नवीन बोर्ड लगाने, ऑटो रिक्शा सवारी, लोडिंग टैक्सी, कार-जीप टैक्सी स्टेण्ड़ के साइन बोर्ड लगाने, विभिन्न डिवाईडर कट को बंद करने, ब्लैक स्पॉट स्थानों पर स्पीड़ ब्रेकर एवं सांकेतिक बोर्ड लगाने के निर्देश भी संबंधित विभागों को प्रदान किए गए। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सरल बनाने हेतु बैठक में कई निर्णय लिए गए।
बैठक में प्राधिकरण सचिव हरभान मीणा, उपसचिव एवं भूमि अवाप्ति अधिकारी राकेश कुमार शर्मा, उपायुक्त अनिल कुमार पूनिया, नीरज मिश्र, रोहित कुमार, निदेशक अभियांत्रिकी लाडूराम विश्नोई, निदेशक विधि जगदीश कुमार, निदेशक वित्त ओम प्रकाश सिरवी, निदेशक आयोजना अनुज अग्रवाल, नगर निगम, पुलिस कमिश्नरेट, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय एवं यातायात, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।