18 यूनिट प्लाज़्मा डोनेट किया
जोधपुर। मिशन जीवन रक्षा के तहत जिला प्रशासन, नगर निगम, पुलिस कमिश्नरेट, सीएमएचओ कार्यालय एवं जोधपुर ब्लड डोनर्स के संयुक्त तत्वावधान में एमडीएमएच ब्लड बैंक में कोरोना से जंग लड़ रहे गंभीर मरीज़ों की सहायतार्थ आपातकालीन प्लाज़्मा डोनेशन शिविर आयोजित किया गया। जोधपुर ब्लड डोनर्स समूह के संस्थापक विशाल हिन्दुस्तानी ने बताया कि जोधपुर ब्लड डोनर्स समूह का यह निरंतर प्रयास रहता है कि वह रक्त हो अथवा प्लाज़्मा, जीवन व मृत्यु के बीच संघर्षरत गम्भीर मरीज़ों हेतु ब्लड बैंक के स्टॉक में सहज उपलब्ध रहे, इसी मूल विचार को मूर्त रूप देते हुए एवं परिजनों को ऐन वक़्त की परेशानी और भागदौड़ से बचाने हेतु यह आपातकालीन शिविर आयोजित किया गया। समूह के प्रवीण गौड़ एवं मोहित सुथार ने बताया कि यदि लम्बा वीकेंड एवं लगातार 3 दिन की छुट्टियां ना होतीं तो समूह द्वारा आज 30-35 यूनिट प्लाज़्मा डोनेट करवा दिया जाता। शिविर में रक्तदाताओं की हौसलाअफजाई करने हेतु सीएमएचओ बलवंत मंडा, एमडीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ महेन्द्र आसेरी, मेडिकल कॉलेज से डॉ. राकेश कर्नावट मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन कर रहे बिग एफ़एमएक आरजे राहुल ने प्लाज़्मा डोनेशन मोटिवेशन एवं प्रचार-प्रसार हेतु सभी आगुन्तुकों एवं रक्तदाताओं के इंटरव्यू रिकॉर्ड किए। सीएमएचओ डॉ मंडा ने ऐसे प्रयासों की महत्ती आवश्यकता बताते हुए रक्तदाताओं की हौसलाअफजाई की। जिला प्रशासन से एडीएम सिटी सीमा कविया ने जेबीडी समूह के निरंतर प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि जब-जब पीडि़त मानवता को रक्त अथवा डोनर्स की ज़रूरत पड़ी है जोधपुर ब्लड डोनर्स समूह के जीवनरक्षकों ने शहर की लाइफलाइन बनकर मोर्चा संभाला है। शिविर में जेबीडी ग्रुप से जुड़े रक्तदाता, दीपक शर्मा, मुकेश जैन, आदित्य मूंदड़ा, मोहसिन खान, मेहताब लखानी, विजय अरोड़ा, गौरव जोशी, प्रकाश चौधरी, नरेन्द्र सिंह राठौड़, आदित्य सिंघल, अंकुश सिंघल, नरेश पुरोहित, दिलीप सिंह राजपुरोहित, शिशिर पुरोहित, मोहम्मद तौसीफ, विजेन्द्र प्रजापत, वसीम अहमद, रुपेश व्यास एवं मालाराम देवासी ने प्लाज़्मा डोनेट किया। शिविर को सफल बनाने में एमडीएम ब्लड बैंक अधीक्षक डॉ. जीसी मीणा, जूनियर रेजिडेंट डॉ. सुनील प्रजापत एवं तकनीशियन मोहम्मद तौसीफ़ एवं राजेन्द्र चौधरी का विशेष सहयोग रहा।