बीएसएफ के डीजी ने किया बॉर्डर का दौरा
सेवा भारती समाचार।
जोधपुर। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिदेशक राकेश अस्थाना ने दो दिवसीय दौरे के तहत श्रीगंगानगर और बीकानेर का दौरान किया। वहां बॉर्डर पर बनी चौकियों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान सैनिक सम्मेलन में जवानों का उत्साह बढ़ाया और स्थानीय लोगों से भी बातचीत की। सेक्टर मुख्यालय बीकानेर पहुंचने पर बीएसएफ चंडीगढ के अतिरिक्त महानिदेशक सुरेन्द्र पंवार और राजस्थान फ्रंटियर के महानिरीक्षक आयुष मणि तिवारी ने अगवानी की। इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। अस्थाना बल के वरिष्ठ अधिकारीयों के साथ भारत-पाक अन्तरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित सीमा चौकी सांचू का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों को देखा। सांचू पर बने संग्रहालय का उद्घाटन कर इसे आमजन के लिए समर्पित किया। सांचू में स्थानीय लोगों ने महानिदेशक का साफा पहनाकर और स्कूल की छात्राओं ने तिलक लगाकर स्वागत किया। अस्थाना ने स्थानीय लोगो से बातचीत कर सीमावर्ती इलाके के बारे में चर्चा की। इसके बाद सीमा चौकी सुधीर का दौरा किया, जहां 1971 जंग के वीरचक्र विजेता शहीद सुधीर चौधरी (जिनके नाम पर सीमा चौकी का नाम सुधीर रखा गया) को पुष्प चक्र चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। अस्थाना द्वारा अपने भ्रमण के दौरान सेक्टर मुख्यालय बीकानेर एवं 156 बटालियन की सीमा चौकी मजनु पर सैनिक सम्मेलन लिया गया।