रंगोली बनाकर कोरोना के प्रति किया जागरूक

सेवा भारती समाचार

जोधपुर। कोरोना के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए नगर निगम की ओर से जन जागरूकता अभियान जारी है। इसी के तहत नगर निगम की ओर से शहर के समस्त वार्डों में मेरा वार्ड-मेरी रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। सभी वार्ड प्रभारियों ने अपने।अपने वार्ड में कोरोना जागरूकता से संबंधित आकर्षक रंगोलियां बनाई और लोगों को कोरोना गाइड लाइन की पालना का संदेश दिया। नगर निगम आयुक्त (दक्षिण) सुरेश कुमार ओला ने बताया कि शहर में बढ़ते कोरोना संक्रमण रोकने के लिए नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के सहयोग से लगातार जन जागरूकता अभियान चला रहा है। निगम की ओर से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें शहरवासियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इसमें मेरा वार्ड-मेरी रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें शहर के सभी वार्ड प्रभारियों ने अपने कर्मचारियों के साथ मिलकर आकर्षक रंगोलियां बनाई। नगरनिगम आयुक्त (उत्तर) रोहिताश्व तोमर ने बताया कि नो मास्क- नो एंट्री की थीम पर आयोजित इस प्रतियोगिता में रंगोलियों के माध्यम से शहरवासियों को नियमित रूप से मास्क पहनने, बार-बार साबुन से हाथ धोने, सोशल डिस्टेंसिंग की पालना करने और सैनिटाइजर का उपयोग करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम प्रभारी नगर निगम उपायुक्त आकांक्षा बैरवा ने बताया कि शहर में कुल 65 स्थानों पर कोरोना जागरूकता से संबंधित रंगोलियां बनाई गई। इन रंगोलियों में से तीन सबसे उत्कृष्ट रंगोली को चयनित कर उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ रंगोली के चयन के लिए विधानसभा वार निरीक्षण अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। विधानसभा क्षेत्र सरदारपुरा के लिए सचिन मौर्य, सूरसागर के लिए सुरेंद्र विश्नोई और शहर के लिए अंकित पुरोहित को निरीक्षण अधिकारी नियुक्त किया गया है।

Show More

Gulam Mohammed

(EDITOR SEVA BHARATI NEWS) ==> Seva Bharti News Paper Approved Journalist, Directorate of Information and Public Relations, Rajasthan, Jaipur (Raj.), Mobile 7014161119 More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button