प्रवासियों के प्रवेश व्यवस्था के लिए प्रकोष्ठ गठित

सेवा भारती समाचार 

पाली। जिले में अन्य प्रांतों से आने वाले प्रवासियों के प्रवेश के संबंध में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न प्रकोष्ठ गठित किए गए है। जिला कलक्टर अंशदीप ने आदेश जारी कर पाली जिले में अन्य प्रांतों, विशेष रूप से महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश एवं गुजरात से सिरोही, राजसमंद, उदयपुर, जोधपुर, जालोर, अजमेर इत्यादि से होकर जिले में श्रमिक एवं प्रवासी प्रवेश करेंगे। इसके लिए पाली रोड़वेज बस स्टेण्ड पर रिपोर्टिंग करने वाले प्रवासियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न प्रकोष्ठों का गठन कर अधिकारियों व कार्मिकों को तुरंत प्रभाव से नया बस स्टेण्ड पर लगाया गया है। आदेश में बताया गया कि सम्पूर्ण व्यवस्था के प्रभारी जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रहलाद सहाय नागा होंगे। सहायक कलक्टर (प्रशिक्षणाधीन) लखाराम पाली जिले में आने वाले समस्त श्रमिकों व प्रवासियों की उपखण्डवार विस्तृत विवरण मय आगुन्तक का नाम, पिता का नाम, पता, ग्राम, तहसील व उपखण्डवार तैयार करवाएंगे। उपखण्ड अधिकारी रोहिताश्वसिंह तोमर बाहर से आने वाले समस्त श्रमिकों का गाईड लाईन के अनुसार स्वास्थ्य परीक्षण करवाएंगे तथा ग्रामवार उनका रेकर्ड का संधारण कर एवं गाईडलाईन के अनुसार ग्राम स्तरीय कोर कमेटी के माध्यम से उन्हें संस्थागत क्वारेंटाईन अथवा होम क्वारेंटाईन करवाना सुनिश्चित करेंगे। बस स्टेण्ड पर पूछताछ केन्द्र, कन्ट्रोल रूम की स्थापना कर प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए गए है। जो सूचनाओं का संकलन एवं सम्प्रेषण करेंगे। इसके साथ ही तीन पारियों में अधिकारियों व कार्मिकों की नियुक्ति भी की गई है। उन्होंने निर्देश दिए है कि मुख्य कार्यकारी अधिकारी विभिन्न राज्य के नोडल प्रभारी एवं जिलों के नोडल अधिकारियों से सम्पर्क एवं समन्वय स्थापित कर अपेक्षित कार्यवाही सुनिश्ति करेंगे। पाली शहर वृताधिकारी नया बस स्टेण्ड क्षेत्र मंे कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं सोशल डिस्टेंसिंग की पालना करवाएं जाने के लिए समुचित पुलिस जाब्ता उपलब्ध करवाएंगे। सहायक कलक्टर (प्रशिक्षु) नया बस स्टेण्ड पर राजस्थान राज्य परिवहन निगम फालना व पाली के डीपो मैनेजर व अन्य प्रभारी अधिकारियों से सम्पर्क एवं समन्वय स्थापित कर आवश्यकतानुसार रूट अनुरूप बसें उपलब्ध करवाएंगे। समस्त प्रकोष्ठों के अधिकारी व कार्मिक राजस्थान राज्य में बाहर से आने वाले श्रमिक व प्रवासियों के मुवमेंट के संबंध में निर्धारित प्रपत्र भरवाकर निर्धारित रूट की बस तक पहुंचाने व उनकी क्षेत्रवार संख्या निर्धारित प्रपत्र में लेकर ई-मेल   पर आवश्यक रूप से प्रेषित करेंगे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं बांगड़ अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी बस स्टेण्ड पर आने वाले श्रमिकों व प्रवासियों का स्वास्थ्य परीक्षण के लिए आवश्यकतानुसार मेडिकल स्क्रीनिंग टीम की पूरे समय के लिए नियुक्ति सुनिश्चित करने के साथ आईएलआई एवं एसएआरआई के लक्षण पाए जाने पर संस्थागत क्वारेंटाईन करवाने के लिए अपेक्षित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे। नगर परिषद के आयुक्त आने जाने वाले श्रमिकों व प्रवासियों के लिए पेयजल, भामाशाह व जन सहयोग से भोजन पैकेंट, नमकीन, बिस्किट आदि खाद्य सामग्री, सूचना फ्लैक्स बैनर, बेरिकेडिंग, कंट्रोल रूम पर लाउड स्पीकर, पूछताछ केन्द्र और काउण्टर की स्थापना व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही समस्त बसों एवं बस स्टेण्ड परिसर में सोडियम हाईपोक्लोराईड लिक्विड का छिडकाव कर सेनेटाईजड व डिस्इंस्फेक्शन (विसंक्रमण) की कार्यवाही करेंगे। रोडवेज के मुख्य प्रबंधक आने जाने वाले श्रमिक व प्रवासियों के गंतव्य ग्रामीण अंचल की और रवानगी के लिए आवश्यक अपेक्षित बसों की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। जिला परिवहन अधिकारी को पाली मुख्य मार्गाें के अतिरिक्त अन्य गांवों की और जाने वाले श्रमिकों व प्रवासियों के लिए आवश्यक होने पर टैक्सी इत्यादि की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।

Show More

Gulam Mohammed

(EDITOR SEVA BHARATI NEWS) ==> Seva Bharti News Paper Approved Journalist, Directorate of Information and Public Relations, Rajasthan, Jaipur (Raj.), Mobile 7014161119 More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button