अजमीढ़ महाराज की जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत

सोजत। श्रीमेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज की ओर से आराध्य अजमीढ़ जी महाराज की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाज के पुरुषों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सजे-धजे घोड़े, बैंड-बाजे और अजमीढ़ महाराज के जयकारे आकर्षण का केंद्र रहे। शहर के विभिन्न मार्गों पर जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
शोभायात्रा पाली रोड स्थित स्वर्णकार समाज भवन से रवाना होकर राजपोल गेट, सिनेमा हॉल तिराहा, स्वामी विवेकानंद मार्ग, आड़ा बाजार, चारभुजा मंदिर चौराहा, धानमंडी, सब्जीमंडी और मुख्य बाजार से होकर गुजरी। मार्ग में समाजबंधुओं और शहरवासियों ने उत्साह के साथ शोभायात्रा का अभिनंदन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे, एडीजे रामदेव सिंह सांदू, नगर पालिका अध्यक्ष कीर्ति राजेश तंवर, उपाध्यक्ष राकेश पंवार, मदन पंवार और भैराराम डांगी सहित पार्षदों का समाजबंधुओं ने स्वागत एवं अभिनंदन किया।
शोभायात्रा के समाज भवन पहुंचने के बाद बच्चों के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजेता बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इसके बाद समाज के आराध्य अजमीढ़ महाराज की पूजा-अर्चना कर समाज की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात महाप्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें समाज के लोगों ने भाग लिया।
आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकजुटता और आपसी सद्भाव की झलक देखने को मिली। इस अवसर पर समाज अध्यक्ष राजमल अग्रोया, मंत्री किशोरकुमार कड़ेल, कोषाध्यक्ष दिनेश जांगलवा, पार्षद नरेश सोनी, पारस सोनी, प्रकाश धूपड़, सुभाष वर्मा, जगदीश सोनी, सत्यनारायण सोनी, बालमुकुंद सोनी, चंद्रप्रकाश सोनी और संजय सोनी सहित समाज के अनेक लोग तथा बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।