सोजत में बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की पहल, 25 दिसंबर को एचपीवी वैक्सीनेशन शिविर

सोजत सिटी। बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण को लेकर चारण गढ़वी इंटरनेशनल फाउंडेशन (सीजीआईएफ) की ओर से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से 25 दिसंबर 2025 को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर स्थानीय डीडी गार्डन, सोजत में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा।

सीजीआईएफ सोसियो के ग्लोबल अध्यक्ष अनोपसिंह लखावत ने जानकारी देते हुए बताया कि इस शिविर में उन बालिकाओं एवं युवतियों को एचपीवी वैक्सीन की तीसरी डोज लगाई जाएगी, जिनकी पहली डोज 22 जून को सोजत में तथा दूसरी डोज अगस्त माह में जोधपुर में लग चुकी है।

आयोजनकर्ताओं के अनुसार शिविर की मुख्य अतिथि सोजत विधायक श्रीमती शोभा चौहान होंगी, जबकि अध्यक्षता श्रीमती निहाल कंवर करेंगी।

उन्होंने बताया कि एचपीवी वैक्सीन से गर्भाशय ग्रीवा कैंसर, गले के कैंसर सहित अन्य संभावित कैंसर रोगों से बचाव में सहायता मिलती है। यह टीका शरीर को एचपीवी वायरस के कुछ खतरनाक उपभेदों से सुरक्षित करता है, जिससे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है।

शिविर में 9 से 23 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं एवं युवतियों के लिए तीसरी डोज उपलब्ध रहेगी।

टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए अध्यक्ष हाकम दान, एमडी राजा भाई रुडाच, जोनल अध्यक्ष ओमप्रकाश उज्ज्वल, उपाध्यक्ष अमर सिंह बारहठ, जिला अध्यक्ष महिपाल सिंह जयसिंह लखावत, सरदार सिंह सांदू, महेंद्र सिंह सहित अनेक पदाधिकारी सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

इस अवसर पर प्रेरक डॉ. सुमन कविया, सुनयना हापावत, शशि बारहठ, जनक कंवर एवं निधि लखावत का सानिध्य भी रहेगा।शिविर को सफल बनाने के लिए सोजत की सभी सामाजिक संस्थाएं सहयोग कर रही हैं।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button