ऑल इंडिया हज कॉन्फ्रेंस का आयोजन 16 दिसंबर को
देशभर से हज खिदमतगार होंगे शामिल
जोधपुर। मारवाड़ हज वेलफेयर सोसायटी जोधपुर के तत्वावधान में 16 दिसंबर को आयोजित होने वाली ऑल इंडिया हज कॉन्फ्रेंस की तैयारियों को लेकर शनिवार को हज हाउस, जोधपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक सोसायटी के अध्यक्ष अल्हाज सलीम चौहान की अध्यक्षता एवं महासचिव हाजी अब्दुल जब्बार की सरपरस्ती में संपन्न हुई। बैठक में सम्मेलन की रूपरेखा, कार्यक्रमों के समय निर्धारण तथा व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही सभी सदस्यों को उनकी-उनकी जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं।
इस अवसर पर अब्दुल कयूम लोधी, ज़ाकिर हुसैन, सोहेब नवाज़, अब्दुल कयूम कुरैशी, अब्दुल हनान, इकरामुद्दीन काज़ी, शकील अहमद चिनिया, अयूब खान, जाहिद रहमानी, राजू भाई सहित अनेक हज सेवक उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि ऑल इंडिया हज कॉन्फ्रेंस में देशभर से हज से जुड़े खिदमतगार और प्रतिनिधि भाग लेंगे, जिसमें हज यात्रियों की सुविधाओं और सेवाओं पर मंथन किया जाएगा।