क्रिसमस की तैयारियों से गूंजा जोधपुर
आगमन काल का तीसरा रविवार एस.एम. चर्च में उल्लास व भक्ति के साथ मनाया गया
जोधपुर। क्रिसमस पर्व की तैयारी के चार सप्ताह के आगमन काल का तीसरा रविवार एस.एम. चर्च, जोधपुर में पूरे उल्लास, श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।
विशेष प्रार्थना के दौरान चर्च के फादर रेव्ह. अमित कुमार श्रेष्ठ ने अपने संदेश में कहा कि “आगमन का तीसरा रविवार हमें यह स्मरण कराता है कि प्रभु यीशु मसीह का आगमन निकट है। हमें इस शुभ घड़ी की प्रतीक्षा आनंद और आशा के साथ करनी चाहिए तथा अपने जीवन में आनंद की ज्योति प्रज्ज्वलित करनी चाहिए, ताकि हमारे हृदय प्रभु को ग्रहण करने के लिए तैयार हो सकें।”
उन्होंने देश और समाज में शांति, प्रेम और सद्भावना की कामना की।
इसी क्रम में आराधनालय कुड़ी में आयोजित प्रार्थना सभा का नेतृत्व रेव्ह. अविनाश मैसी ने किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि “यह समय आपसी खुशी बांटने का है। हमें हर घर में प्रेम और सद्भावना का बीज बोना चाहिए।”
चर्च के मीडिया प्रभारी नवीन पॉल एवं संजीव बहादुर ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि क्रिसमस के पावन पर्व की आहट के साथ ही जोधपुर की ठंडी रातें एस.एम. चर्च के उत्साही युवाओं और सदस्यों द्वारा प्रभु यीशु मसीह के जन्म से संबंधित मधुर, सुरीले एवं ऊर्जावान गीतों से गूंज उठी हैं, जिससे पूरे वातावरण में भक्ति और उल्लास की लहर दौड़ गई है।
पीवाईएफसी के युवा दल के साथ चर्च के फादर रेव्ह. अमित कुमार श्रेष्ठ एवं रेव्ह. अविनाश मैसी ने मसीही समाज के कई घरों का दौरा किया। इस दौरान युवाओं ने गीतों के माध्यम से प्रभु यीशु के आगमन का शुभ संदेश दिया तथा प्रत्येक घर में प्रार्थना कर प्रभु का आशीर्वाद प्रदान किया। युवाओं का उत्साह और सहभागिता सराहनीय रही।
बताया गया कि केरल सिंगिंग केवल गायन नहीं, बल्कि प्रभु के प्रेम को साझा करने और समुदाय को एकजुट करने का माध्यम है। यह आयोजन ईसाई समाज के घर-घर में खुशी, शांति और एकता का संदेश लेकर आया है। आने वाले दिनों में क्रिसमस की तैयारियों में और तेजी आने की संभावना है।