अमित बघेल की टिप्पणी पर सिंधी समाज में आक्रोश, सोजत सिटी में प्रदर्शन

सोजत सिटी  | छत्तीसगढ़ निवासी और जौहर पार्टी के प्रमुख अमित बघेल द्वारा सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान झूलेलाल के प्रति की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर पूरे सिंधी समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

इस निंदनीय बयान के विरोध में पूज्य सिंधी पंचायत, सोजत सिटी ने एकजुट होकर उपखंड अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपा, जिसमें दोषी के खिलाफ तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि अमित बघेल ने सोशल मीडिया पर भगवान झूलेलाल के प्रति अपमानजनक टिप्पणी की है, जिसमें उन्हें “मछली वाला भगवान” कहकर संबोधित किया गया। सिंधी समाज ने इस टिप्पणी को धार्मिक भावनाओं पर सीधा आघात बताते हुए कड़ी निंदा की है।

पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि भगवान झूलेलाल सिंधी समाज के आराध्य हैं और इस प्रकार की टिप्पणी समाज की आस्था का अपमान है। इस घटना से न केवल सोजत सिटी, बल्कि पूरे देश और विदेशों में बसे सिंधी समुदाय में रोष व्याप्त है।

सिंधी पंचायत ने राजस्थान सरकार और केंद्र सरकार से इस गंभीर मामले में शीघ्र संज्ञान लेकर आरोपी के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करने की मांग की है। समाज ने चेतावनी दी है कि यदि उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो सिंधी समाज शांतिपूर्ण लेकिन व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Show More
Back to top button