शहीद जबर सिंह जैतावत को ग्राम गुड़ा रामसिंह में श्रद्धांजलि सभा आयोजित
सीआरपीएफ के वीर सपूत को भावभीनी श्रद्धांजलि, शौर्यगाथा से गूंजा विद्यालय परिसर
गुड़ा रामसिंह । ग्राम गुड़ा रामसिंह स्थित राजकीय विद्यालय में सोमवार को सीआरपीएफ के वीर सिपाही शहीद जबर सिंह जैतावत की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सीआरपीएफ की ओर से पहुंचे जवान श्री सूबे सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में शहीद को नमन किया गया।
शहीद के पौत्र प्रवीण सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री जबर सिंह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 45वीं बटालियन में आंध्रप्रदेश में तैनात थे। वे वहाँ कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं नक्सली हिंसा पर नियंत्रण हेतु नियुक्त थे। 18 अगस्त 1972 की रात नक्सलियों के साथ हुई भीषण मुठभेड़ में जबर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, लेकिन अदम्य साहस दिखाते हुए अंतिम सांस तक मोर्चे पर डटे रहे और देश सेवा के पथ पर वीरगति को प्राप्त हुए।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एकत्रित ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शहीद की शौर्यगाथा को याद करते हुए उनके बलिदान को नमन किया।
इन गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही
कार्यक्रम में पूर्व सैनिक सरदार सिंह, लादू सिंह, पंचायत समिति सदस्य मनजीत सिंह, प्रधानाचार्य जानकीलाल अरोड़ा, जवान सिंह, अमर सिंह, अमराराम, वीरम राम नायक, दुर्गपाल सिंह, चंद्रदीप सिंह, सुरेंद्र सिंह, देवाराम, पेमाराम, जवरू खां, कीर्तिमान सिंह एवं करनी प्रताप सिंह सहित कई ग्रामीणजन मौजूद रहे।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि शहीद जबर सिंह जैसे वीर सपूतों के कारण ही आज देश सुरक्षित है। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति, साहस और सेवा की प्रेरणा देता रहेगा।
“देश के लिए जिन्होंने प्राण न्यौछावर किए, उनकी स्मृति में सिर झुकाना हम सबका कर्तव्य है।”