जिला कलक्टर ने ली विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक
“निर्मित टैंकों में जल आपूर्ति सुनिश्चित करना पहली प्राथमिकता” – जिला कलेक्टर
जोधपुर । जिला कलक्टर श्री गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली।
बैठक में राजस्व मामलों, जल जीवन मिशन, सड़क सुरक्षा समिति सहित विभिन्न विभागों की पीपीटी के माध्यम से प्रगति की जानकारी दी ।
जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक आयोजित
जिला कलेक्टर ने जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा करते हुए चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस दौरान अवैध जल कनेक्शनों की प्रगति, जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित उच्च जलाशय जिनमे गत तीन माह से पानी नहीं भरा गया, जल जीवन मिशन के तहत वृहद पेयजल परियोजनाओं के अन्तर्गत निर्मित उच्च जलाशयों में पेयजल उपलब्धता की समीक्षा की गई ।
ज़िला कलक्टर ने निर्देश दिए कि अवैध कनेक्शनों के विरुद्ध अधिकतम संख्या में एफआईआर दर्ज कराई जाए, कनेक्शन काटे जाएं एवं जुर्माने की प्रक्रिया तेजी से पूर्ण की जाए। यह कार्रवाई नियमित रूप से अभियान के रूप में संचालित की जाए।
उन्होंने कहा कि निर्मित टैंकों में जल आपूर्ति की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित करना अधिकारियों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
विभागीय कार्यों की समीक्षा की
जिला कलक्टर श्री अग्रवाल ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त परिवादों, न्यायालयों में लंबित प्रकरणों, विभिन्न आयोगों से प्राप्त प्रकरणों, जमाबंदी सेग्रिगेशन, तरमीम कार्य प्रगति एवं मॉडर्न रिकॉर्ड रूम रिपोर्ट, सर्वे एवं रिसर्वे कार्य की प्रगति, ई-फाइलिंग के तहत कार्यों का निस्तारण, सम्पर्क पोर्टल पर लंबित परिवादों की समीक्षा करते हुए संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ।
बैठक में जिला कलक्टर श्री अग्रवाल ने राजस्व अधिकारियों को राजस्व कार्यों को मिशन मोड पर लेकर उनका त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व न्यायालयों में जो लंबित मामले चल रहे है, उनका निस्तारण करने के साथ ही विचाराधीन मामलों के निस्तारण के लिए प्रगति लाना सुनिश्चित करें।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में अतिरिक्त ज़िला कलेक्टर प्रथम श्री जवाहर चौधरी, अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय श्री सुरेन्द्र सिंह पुरोहित सहित संबंधित विभाग, उपखण्ड, तहसील के उच्च अधिकारी उपस्थित रहे।