5 दिवसीय “जोधपुर क्रिश्चियन कन्वेंशन” 10 अक्टूबर से
अधिस्वीकृत पत्रकार गुलाम मोहम्मद
जोधपुर। जोधपुर मसीही समाज का 29 वां वार्षिक धार्मिक सम्मेलन “जोधपुर क्रिश्चियन कन्वेंशन” सेंट एंड्रयूज हॉल सरदारपुरा डी रोड जोधपुर में दिनांक 10 से 14 अक्टूबर 2024 तक आयोजित किया जाएगा जिसमें मसीही समाज के लोगों के लिए पवित्र बाइबल की शिक्षाओं पर आधारित प्रवचन, गीत-भजन गायन तथा बच्चों और युवाओं के लिये बाइबल आधारित प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। मसीही समाज का यह वार्षिक धार्मिक सम्मेलन जोधपुर शहर में पिछले तीस वर्षों से प्रशासन तथा पुलिस के सहयोग से आयोजित किया जाता रहा है जिसमें आमजन का भी सहयोग रहता है।
जोधपुर क्रिश्चियन कन्वेंशन कमेटी की कार्यकारिणी के अध्यक्ष रेव्ह. अमित कुमार श्रेष्ठ ने बताया कि इस वर्ष प्रभु के वचन देने के लिए नई दिल्ली से रेव्ह. वरिन्दर कुमार तथा हाथरस से रेव्ह. संतोष पांडे आएंगे। यह सम्मेलन जोधपुर के मसीही समाज के लोगों का है जिसमें जोधपुर शहर में स्थित विभिन्न चर्चों के सदस्य महिलाएं, बच्चे, युवा तथा वृद्धजन समान रूप से शामिल होते हैं। इस सम्मेलन में मसीही समाज द्वारा धर्मगुरुओं की अगुवाई में हमारे जोधपुर शहर, राजस्थान राज्य तथा संपूर्ण भारत देश की उन्नति, शांति, भाईचारे तथा खुशहाली के लिए प्रार्थना की जाती है।
जेसीसी के मीडिया प्रभारी नवीन पॉल व संजीव बहादुर ने बताया कि कन्वेंशन का उद्घाटन समारोह दिनांक 10 अक्टूबर 2024 की संध्या 6 बजे सेंट एंड्रयूज हॉल में होगा जिसमें जोधपुर के मसीही समाज के सभी धर्मगुरु अगुवाई करेंगे। कन्वेंशन के दौरान प्रत्येक दिन सुबह 8:30 बजे तथा संध्या 6:00 बजे से आराधना की जाएंगी। जिसमें कन्वेंशन क्वॉयर द्वारा मधुर गीतों में अगुवाई होगी। प्रत्येक दिन आराधना के पश्चात केटरिंग कमेटी द्वारा सादे भोजन की व्यवस्था की जाएगी जिसके लिए एक दिन पहले कूपन लेने होंगे। पीने के पानी, पार्किंग तथा अन्य व्यवस्थाओं के लिए कन्वेंशन के स्वयंसेवक अपनी सेवाएं देंगे। कन्वेंशन की संध्या की आराधना में भाग लेने के लिए निशुल्क बस सुविधा प्रदान की जाएगी। अन्य सभी सेवाओं के लिए कमेटी की विभिन्न समितियां कार्य करेंगी जिसमें अलग अलग संयोजक होंगे। इस अवसर पर जेसीसी के कार्यकारिणी के अध्यक्ष रेव्ह. अमित कुमार श्रेष्ठ साहब के साथ रेव्ह. अविनाश मैसी उपाध्यक्ष रेव्ह. दलेर मसीह सचिव श्री अनुराग लाल तथा खजांची श्री अधिराज बबूश फ्रांसिस भी उपस्थित थे।