जेडीए दस्ते ने झालामण्ड़ चौराहा से शताब्दी सर्कल तक हटाए अतिक्रमण
जोधपुर। जोधपुर विकास प्राधिकरण के अतिक्रमण निरोधक दस्ते द्वारा सघन अभियान के अन्तर्गत सोमवार को झालामण्ड़ चौराहा से शताब्दी सर्कल तक सड़क मार्गाधिकार के अतिक्रमणों को हटाया गया। साथ ही राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों सहित अन्य शिकायतों का मौका निरीक्षण कर निस्तारण किया गया। आयुक्त उत्साह चौधरी के निर्देशानुसार अवैध निर्माणों एवं अतिक्रमणों पर नियमित रूप से कार्यवाही की जा रही है।
जेडीए सचिव डॉ. हरीतिमा के आदेश अनुसार पुलिस निरीक्षक जोगेन्द्रसिंह चौधरी के निर्देशन में अतिक्रमण दस्ते द्वारा झालामण्ड़ चौराहा से शताब्दी सर्कल तक मौका निरीक्षण कर मुख्य सड़क भाग के दोनों तरफ एवं फुटपाथ पर अनाधिकृत एवं अवैध रूप से लगे साईन बोर्ड, सब्जियों की अस्थायी दुकानें, दुकानों के आगे रखा सामान, चाय स्टेण्ड़, लोहे की फ्रेमें, केबिन, तिरपाल, ठेला, पत्थर के स्टेण्ड व चबूतरियां, सिरकियों के छप्परें इत्यादि अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। दस्ते द्वारा सड़क मार्गाधिकार को अतिक्रमण मुक्त कर आवागमन हेतु सुचारू करवाया गया साथ ही मौके पर उपस्थित दुकानदारों व संचालकों को सख्त हिदायत दी गयी कि अतिक्रमण मुक्त सड़क सीमा में किसी प्रकार से पुनः अवैध निर्माण अथवा अतिक्रमण नहीं करें।
जेडीए दस्ते द्वारा मौका निरीक्षण के दौरान ग्राम जाजीवाल कलां मुख्य भोपालगढ़ रोड़ देवनारायण प्रोपट्री के पास 30 गुणा 63 फीट में चारदीवारी, पानी का टांका का निर्माण कार्य किया हुआ पाया गया। दस्ते द्वारा मौके पर कार्यवाही करते हुए अप्रार्थी को सख्त हिदायत दी गई कि प्राधिकरण की बिना सक्षम स्वीकृति एवं सेना के अनापत्ति प्रमाण पत्र के बिना सेना के निर्माण निषेध क्षेत्र में किसी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं करें अन्यथा प्राधिकरण द्वारा नियमानुसार सख्त कार्यवाही अमल में लायी जावेगी। इसी प्रकार राजस्थान सम्पर्क सहित विभिन्न अन्य शिकायतों पर मौका निरीक्षण कर कार्यवाही करते हुए प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया गया। कार्यवाही के दौरान भू-अभिलेख निरीक्षक अर्जुनसिंह, पटवरी दुर्गा महला मय जेडीए दस्ता मौजूद रहा।