कांग्रेस कार्यकर्ता आगे मेहनत जारी रखे : उचियारड़ा
कांग्रेस सर्राफा बाजार ब्लॉक कमेटी द्वारा धन्यवाद सभा का किया आयोजन
जोधपुर। शहर विधानसभा के सर्राफा बाजार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (उत्तर) द्वारा शनिवार को घांची समाज बगेची बाईजी तालाब में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की धन्यवाद सभा का आयोजन किया गया। लोकसभा चुनाव सम्पन्न पश्चात् कांग्रेस पार्टी द्वारा कार्यकर्ताओं व जनता का धन्यवाद ज्ञापित करने के क्रम में इस सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान जोधपुर लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी करणसिंह उचियारड़ा मुख्य अतिथि, जोधपुर शहर पूर्व विधायक मनीषा पंवार अतिथि, कांग्रेस उत्तर जिलाध्यक्ष सलीम खान ने अध्यक्षता कर शिरकत की।
मुख्य अतिथि करणसिंह उचियारड़ा ने चुनाव में कार्यकर्ताओं द्वारा की गई मेहनत की सराहना की तथा कार्यकर्ताओं को उत्साह के साथ आगे मेहनत जारी रखने को कहा। जिलाध्यक्ष उत्तर कांग्रेस सलीम खान ने संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। जोधपुर पूर्व विधायक मनीषा पंवार ने सभी से आग्रह कर कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी निरन्तर सेवा का संकल्प लेकर कांग्रेस को मजबूत करे।
इस अवसर पर सर्राफा बाजार ब्लॉक अध्यक्ष अख्तर खान सिंधी, शांति प्रसाद हर्ष, सोहनलाल जैसलमेरिया, सरदार बलदेव, राधेश्याम सोलंकी, दिव्या नरेन्द्र सोलंकी, लियाकत अली रंगरेज व कांग्रेस पदाधिकारी एवं कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।