बारिश के मद्धेनज़र जलभराव वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर पहले से करें पुख्ता इंतजाम : संभागीय आयुक्त
मानसून की तैयारी में जुटा जिला प्रशासन
जोधपुर। संभागीय आयुक्त बी एल मेहरा ने कहा की संबंधित विभाग बारिश के मद्धेनज़र जलभराव वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर पहले से पुख्ता इंतजाम करें। ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। उन्होंने आगामी मानसून से होने वाली सम्भावित बाढ़ एवं अतिवृष्टि को मध्यनजर रखते हुए सभी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, जिनका उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में व्यापक तैयारी और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों को होने वाली भारी बारिश के लिए सतर्क और तैयार रहना है।
संभागीय आयुक्त मेहरा की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट में बारिश के मद्धेनज़र तैयारियों को लेकर विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान श्री मेहरा ने विभागीय अधिकारियों से शहर के प्रमुख नालों एवं जल भराव क्षेत्रों की जानकारी ली। एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निगम के उच्च अधिकारी निरीक्षण के दौरान अपने साथ टीम के रूप में मजदूर एवं मरम्मत संबंधित सामग्री व उपकरण साथ रखे, ताकि सीवर ढक्कन एवं अन्य छोटी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा सके।
मेहरा ने कहा कि नालों के आसपास कर्मचारियों और संसाधनों की उचित तैनाती की जाये। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिए, कि जलभराव को रोकने और शहरी क्षेत्रों में बाढ़ के जोखिम को कम करने के लिए नालों को साफ रखा जाए। साथ ही अधिकारियों को स्वयं से संबंधित शहरी स्थानीय निकायों में बहुत पुरानी इमारतों की पहचान करने के लिए गहन सर्वेक्षण करना चाहिए। इस पहल का उद्देश्य संरचनात्मक स्थिरता का आकलन करना और प्रतिकूल मौसम के दौरान संभावित खतरों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतना है।
संभागीय आयुक्त मेहरा ने निर्देश दिया कि वर्षा के कारण जिले के शहरी क्षेत्रों में होने वाले जलभराव का एडीएम एवं संबंधित विभाग के उच्च अधिकारी संज्ञान लें तथा आवश्यकतानुसार संबंधित विभागों का सहयोग लेते हुए प्रभावित क्षेत्रों में पानी निकासी कैसे की जाए इसकी माकूल व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र निरीक्षण के दौरान लोगों को इस बात के लिए जागरूक करें कि वर्षा ऋतु के दौरान जलाशयों, जलभराव क्षेत्रों और नालों के पास जाने से परहेज़ करें, विशेषकर बच्चों को इसके आस-पास न जाने दें।
मेहरा ने कहा कि टोर्च, मिट्टी के कट्टे, पंपों एवं अन्य आपातकालीन उपकरणों की उपलब्धता को बनाए रखना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि आवश्यक संसाधनों के पर्याप्त प्रावधानों की सावधानीपूर्वक योजना बनाई जाए और उन्हें आसानी से उपलब्ध कराया जाए। इसमें मानसून से संबंधित किसी भी घटना के त्वरित प्रतिक्रिया और प्रभावी प्रबंधन के लिए आवश्यक सभी उपकरणों का परिचालन तत्परता से सुनिश्चित जा सके।
संभागीय आयुक्त मेहरा ने कहा कि भारी बारिश को देखते हुए एक व्हाट्सअप ग्रुप बनाए, इस ग्रुप से वितरीत मौसम या बाढ़ सम्बन्धी चेतावनी जैसे सन्देशों को प्रसारित करने में आसानी होगी और लोग समय रहते सुरक्षित स्थानों पर जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मोबाइल पर आने वाले फोन काल अवश्य रिसीव करें। साथ ही, उन्होंने निर्देश दिए कि फोन काल रिसीव न करने की शिकायत को अत्यन्त गम्भीरता से लिया जाएगा।
आपदा टीम को 24×7 एक्टिव मोड में रहने के निर्देश
संभागीय आयुक्त मेहरा ने कहा कि जिला स्तर पर बाढ़ राहत कंट्रोल रूप 24×7 एक्टिव मोड में रहें। पूरे मॉनसून के समय में यह केंद्र हर समय एक्टिव रहें। साथ ही, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी फ्लड यूनिट तथा आपदा प्रबंधन टीमें 24×7 एक्टिव मोड में रहें। सभी एजेंसियों के बीच बेहतर कोऑर्डिनेशन होना चाहिए। बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में देर न हो. प्रभावित परिवारों को हर जरूरी मदद तत्काल उपलब्ध कराई जाए। साथ ही, कहीं पर कोई शिकायत प्राप्त होती है तो उसका त्वरित समाधान कराया जाय।
आगामी मानसून से होने वाली सम्भावित बाढ़ एवं अतिवृष्टि को मध्यनजर रखते हुए नगर निगम दक्षिण द्वारा स्टोर गैरेज झालामण्ड पर बाढ़ नियंत्रण कक्ष की स्थापना मानसून की पहली बारीश से की गई है। स्टोर गैरेज झालामण्ड नियंत्रण कक्ष तीन शिफ्ट में संचालित है इसका मोबाईल नंबर 8003096183 एवं नगर निगम मुख्यालय के नियंत्रण कक्ष के मोबाईल नंबर 9351924917 है।
इसी प्रकार नगर निगम उत्तर का फ्लड कंट्रोल रूम नगर निगम स्टोर कार्यालय सिवांची गेट में बनाया गया है। जिसका दूरभाष नंबर 0291-2626926 है। साथ ही, नगर निगम उत्तर के कार्यालय में डोर टू डोर कंट्रोल रूम बनाया गया है। जिसका मोबाईल नंबर 7691821088 है।
वहीं, जोधपुर विकास प्राधिकरण का फ्लड कंट्रोल रूम नई बिल्डिंग प्रथम तल पर बनाया गया है। जिसका दूरभाष नंबर 0291-2656356 है।
ये रहे उपस्थित
बैठक में जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल, जोधपुर विकास प्राधिकरण आयुक्त उत्साह चौधरी, नगर निगम उत्तर आयुक्त अतुल प्रकाश, नगर निगम दक्षिण आयुक्त डॉ टी शुभमंगला, अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ सुनीता पंकज सहित अन्य उच्च अधिकारी उपस्थित रहे।