दो दिवसीय पीपा जयंती महोत्सव को लेकर रक्तदान शिविर आयोजित

जोधपुर। संत शिरोमणि पीपाजी महाराज की 701वी जयंती पर आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम आज 22 अप्रैल को रक्तदान शिविर से शुरू हो गए। रक्तदान करने में युवाओं का उत्साह सुबह से ही चरम पर था।
रक्तदान शिविर संयोजक दिलीप सोलंकी ने बताया कि संत पीपाजी के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया गया । शिविर में 151 से अधिक यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया है। गत वर्ष भी 151 यूनिट रक्तदान हुआ था। दोपहर तक सौ यूनिट से अधिक लोगों ने रक्तदान कर दिया है।
श्री समस्त पीपी क्षत्रिय न्याति ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रकाश चावड़ा तथा सचिव नरेश सोलंकी ने बताया कि 701वीं पीपा जयन्ती 23 अप्रैल को पूरे देश में श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ मनाई जाएगी। पीपा जयंती पर जोधपुर में दो दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जयंती महोत्सव के पहले दिन आज सुबह नौ बजे सुभाष चौक, रातानाडा स्थिति समाज को भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
विजय चौक, पीपा मन्दिर के व्यवस्थापक हनुमान चावड़ा ने बताया कि‌ 22 अप्रेल को सांयकाल विजय चौक स्थित पीपा महाराज के मंदिर में भजन संध्या व हनुमान चालीसा पाठ किया जाएगा। इसके बाद 23 अप्रैल को सुबह शहर के सभी पीपाजी महाराज के मन्दिरों पर प्रातः पूजा अर्चना के साथ ही हवन किया जाएगा। समाज के लोग अपने अपने घरों में आराध्य देव की पूजा पाठ कर विश्व शांति की प्रार्थना करेंगे।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओमप्रकाश दहिया ने बताया कि करीब सवा दस बजे शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। विजेन्द्र गोयल की देखरेख में निकाली जाने वाली शोभायात्रा में पचास से अधिक झांकियां शामिल होंगी। इनमें संत पीपा महाराज की जीवनी से संबंधित झांकी के साथ ही मतदान का संदेश देती झांकी प्रमुख होगी। वहीं सनातन संस्कृति से ओतप्रोत धार्मिक व सामाजिक संदेशप्रद झांकियों का समावेश होगा। सूरसागर व विधानगर भवन से आने वाली झांकियां मुख्य शोभायात्रा में शामिल होगी। शोभायात्रा में 501 मातृशक्ति मंगल कलश लेकर अग्रिम पंक्ति में रहेगी। मुख्य शोभायात्रा विजय चौक मंदिर से सुबह नौ बजे पूजा अर्चना के बाद रवाना होगी जो अजय चौक, उम्मेद चौक, त्रिपोलिया बाजार, सोजती गेट, नई सडक़, मोहनपुरा पुलिया होते हुए रातानाडा स्थित न्याति भवन पहुंचेगी। कोषाध्यक्ष राजेन्द्र सोलंकी ने बताया कि शोभायात्रा विसर्जन के बाद रातानाडा स्थिति आर्य समाज के भवन में पीपा प्रसादी का आयोजन रखा गया है। करीब दस हजार समाज बंधु सामूहिक प्रसादी में शिरकत करेंगे। इसी के साथ दो दिवसीय पीपा जयन्ती महोत्सव का समापन हो जाएगा।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button