बाइक सवार बदमाश छात्र के हाथ से मोबाइल झपट ले गए
जोधपुर। शहर के मंडोर पुलिस थाना क्षेत्र पहाडग़ंज प्रथम में बाइक सवार दो बदमाश एक छात्र के हाथ से उसका मोबाइल झपट कर ले गए। पीडि़त छात्र ने इस बारे में मंडोर थाने में रिपोर्ट दी है। पुलिस अब फुटेज से बाइक की पहचान के साथ बदमाशों की तलाश में लगी है।
पुलिस ने बताया कि मूलत: मंडलाकलां फलोदी हाल आर्य समाज भवन हनुमान कॉलोनी नागौर गेट निवासी नखताराम पुत्र मगाराम जाट की तरफ से रिपोर्ट दी गई। इसमें बताया कि वह पहाडग़ंज एरिया में आई लाइबेे्ररी से घर की तरफ लौट रहा था। तब मोबाइल पर किसी परिचित से बात करते चल रहा था। इतने में बाइक पर दो बदमाश पीछे से आए और उसका मोबाइल झपट कर ले गए। एक युवक ने हेलमेट और दूसरे में रूमाल से मुंह बांध रखा था। बाइक सवार बदमाश मंडोर की तरफ भाग निकले। पुलिस ने बताया कि प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।