परिवर्तन संकल्प यात्रा का जोधपुर में जोरदार स्वागत
केन्द्रीय मंत्री शेखावत के साथ रथ पर सवार हुए असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा
और यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या
जोधपुर। केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत गुरुवार शाम को दिल्ली से जोधपुर पहुंचे और बनाड़ के समीप परिवर्तन संकल्प यात्रा में शामिल हुए। उनके साथ रथ पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रहे। यात्रा बाद में गांधी मैदान में सभा में बदल गई।
पवित्र स्थली रामदेवरा से चार सितंबर को आरंभ हुई भारतीय जनता पार्टी की तीसरी परिवर्तन संकल्प यात्रा का शाम को बिलाडा भोपालगढ़ से जोधपुर सीमा में प्रवेश करने पर जोरदार स्वागत किया गया। यात्रा बनाड़ के बाद वीर तेजाजी ब्रिज, सारण नगर से होते हुए कल्याण सिंह कालवी प्याऊ पहुंची। यहां भाजपा के जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सालेचा ने यात्रा रथ की अगवानी की। युवा मोर्चा के सैकड़ों कार्यकर्ता दुपहिया वाहनों पर यहां मौजूद रहे। फूलों की वर्षा के साथ केन्द्रीय मंत्री शेखावत, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, यात्रा के संभाग प्रभारी राजेन्द्र गहलोत, पूर्व सांसद नारायण पंचारिया, प्रदेश महामंत्री जगवीर छाबा,यात्रा के सह संयोजक जालोर विधायक जोगेश्वर गर्ग सहित सभी नेताओं का भव्य स्वागत किया गया।
कालवी प्याऊ से यात्रा रसाला रोड से पावटा चौराहा पर पहुंची। मार्ग में अनेक स्थानों पर यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। कलक्टर रोड से हाईकोर्ट के सामने पहुंचने पर अधिवक्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। दर्पण सिनेमा से नई सड़क चौराहा होते हुए सोजती गेट गणेश मंदिर पहुंची। यहां पर व्यापारियों और गणमान्य लोगों ने यात्रा पर पुष्प वर्षा की। पुरी चौराहा से होते हुए जनता स्वीट्स होम, स्टेशन रोड से रेलवे स्टेशन चौराहा सहकार भवन से गुजरते हुए राज रणछोड़दासजी मंदिर के सामने पहुंचने पर धूमधड़ाके से अभिनदंन सत्कार किया। यहां से सरप्रताप स्कूल मार्ग से महात्मा गांधी अस्पताल के सामने से गुजरते हुए जालोरी गेट चौराहा पहुंची। यहां पर भव्य स्वागत के दौरान उत्सव का माहौल नजर आया। सरदारपुरा गोल बिल्डिंग चौराहा, सरदारपुरा बी रोड होते हुए बालाजी मन्दिर सहित अनेक स्थानों पर यात्रा के स्वागत में लोगों ने पलक पांवड़े बिछा दिए। भाजपा जोधपुर शहर जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सालेचा और महापौर वनिता सेठ ने यात्रा रथ में सवार नेताओं का स्वागत किया।
ये रहे सभा में मौजूद
गांधी मैदान में आयोजित सभा में राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत, चुनाव प्रबंध समिति के अध्यक्ष नारायण पंचारिया, प्रदेश महामंत्री जगवीर छाबा, प्रदेश मंत्री डॉ. महेन्द्र कुमावत, यात्रा के सह-संयोजक जोगेश्वर गर्ग, महापौर वनिता सेठ, ज्योति मिर्धा सूर्य कांता व्यास, जसवांत सिंह विशनोई सहित भाजपा के वर्तमान व पूर्व सांसद और विधायकगण मौजूद रहे।
18 दिन में 2574 किमी चली यात्रा
तीसरी परिवर्तन संकल्प यात्रा चार सितंबर को पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष केन्द्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में रामदेवरा जैसलमेर से यात्रा प्रारम्भ हुई थी। यात्रा में केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत अधिकांश समय साथ रहे। यह यात्रा 18 दिन में 2574 किलोमीटर चलकर जोधपुर संभाग, अजमेर और नागौर जिले की कुल 51 विधानसभा क्षेत्रों से होते हुए जोधपुर पहुंची।