आर-कैट जयपुर और मौलाना आज़ाद विश्वविद्यालय जोधपुर के बीच एमओयू

विज्ञान, इंजीनियरिंग व प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में युवाओं को प्रशिक्षित होने के मिलेंगे अवसर

जोधपुर। मौलाना आज़ाद विश्वविद्यालय जोधपुर के विद्यार्थियों को उन्नत और उभरती तकनीकों को सीखने तथा अपनी योग्यता, रोजगार क्षमता और गतिशीलता को बढ़ाने के लिए राज्य सरकार के आर-कैट (राजीव गांधी सेन्टर फॉर एडवान्स टेक्नोलॉजी) जयपुर और मौलाना आज़ाद विश्वविद्यालय जोधपुर के मध्य एमओयू किया गया है।

डिपार्टमेन्ट ऑफ इन्फॉरमेशनल टेक्नोलॉजी एण्ड कम्यूनिकेशन की कमीश्नर एवं आर-कैट के मैनेजिंग डायरेक्टर इन्द्रजीत सिंह और विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. जमील काजमी ने जयपुर स्थित आर-कैट के कार्यालय में इस सम्बंध में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये।

आर-कैट कार्यकारी निदेशक ज्योति लुहाडिया ने बताया कि इस एमओयू का उद्देश्य शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास के लिए विभिन्न शिक्षण, प्रशिक्षण, आउटरीच, नवाचार एवं अनुसंधान गतिविधियों में भाग लेने के लिए संस्थागत आदान-प्रदान तथा शिक्षण और सीखने की गतिविधियों में रुचि को बढ़ावा देना। यूनिवर्सिटी के प्रेसिडेंट डॉ. जमील काजमी ने कहा कि आर-केट के इस 3 वर्षीय एमओयू के तहत संयुक्त सतत् शैक्षिक कार्यक्रम के अन्तर्गत प्रशिक्षण कार्यक्रम, लाइव प्रोजेक्ट, इंटर्नशिप, लघु पाठ्यक्रम सहित कई प्रोग्राम संचालित किये जायेंगे। जिससे विद्यार्थी विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त प्रमाणपत्र अर्जित कर सकेंगे। डिपार्टमेन्ट ऑफ इन्फॉरमेशनल टेक्नोलॉजी एण्ड कम्यूनिकेशन की ज्यॉन्ट डायरेक्टर एवं आर-कैट मैनेजर विनीता श्रीवास्तव ने भी आर-कैट से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

मौलाना आज़ाद विश्वविद्यालय जोधपुर के चेयरपर्सन मोहम्मद अतीक, रजिस्ट्रार अनवर अली खान, डिप्टी रजिस्ट्रार मोहम्मद अमीन, डीन एकेडमिक्स डॉ. इमरान खान पठान, मौलाना आज़ाद यूनिवर्सिटी के जयपुर कार्यालय मैनेजर शहजाद खान सहित यूनिवर्सिटी से जुड़े सभी लोगों ने आर-कैट की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे छात्र-छात्राओं के कौशल विकास में बढ़ोतरी होगी और उन्हें राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर कम्प्यूटर तकनीक व आईटी क्षेत्र में रोजगार के नये अवसर उपलब्ध हो सकेंगे।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button