सैनिक कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है राज्य सरकार: बाजिया

शहीद वीरांगनाओं एवं गैलेंट्री अवॉर्ड धारक पूर्व सैनिकों का किया सम्मान

जोधपुर ग्रामीण। राज्य स्तरीय सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष श्री रामसहाय बाजिया ने 12 सितंबर को सैनिक कल्याण अधिकारी कार्यालय शेरगढ़ में आयोजित सैनिक संवाद कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा करते हुए पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में राज्य सरकार उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

 बैठक में श्री बाजिया ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री गहलोत ने हमेशा सैनिक एवं उनके परिजनों का सम्मान किया है। देश की रक्षा करने वाले सैनिक को समाज सम्मान देता है और इसी भावना से सैनिक देश की रक्षा के लिए तत्पर रहता है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा सैनिकों, सेवानिवृत सैनिकों एवं उनके परिजनों के लिए उठाए जा रहे कल्याणकारी कदमों की जानकारी देते हुए कहा कि सैनिकों से संबंधित समस्याओं पर राज्य सरकार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।

श्री बाजिया ने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि राजस्थान के सैनिक के फिजिकल कैजुअल्टी में परिवार के एक व्यक्ति को अनुकंपा नौकरी, राजस्थान एक्स सर्विसमैन कॉर्पाेरेशन के माध्यम से 45 प्रतिशत वेतन बढ़ाया है। राज्य सैनिक बोर्ड का भवन बनाने के लिए 20 करोड़ और 4000 वर्ग गज जमीन कालवाड़ रोड पर, सेकण्ड वर्ल्ड वार की वीरांगनाओं को पेंशन चार हजार से बढ़ाकर दस हजार प्रति माह तथा इसमें शहीद हुए सैनिकों के वारिसान को सरकारी नौकरी, सैनिकों के डाटा का डिजिटलीकरण, शहीदों को मिलने वाले पैकेज को 25 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये करने जैसे निर्णय मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत द्वारा सैनिकों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि रिटायरमेंट के बाद सैनिकों की बहुत सारी विसंगतियां थीं, जिन्हें दूर किया गया है। पूर्व में किसी भी एग्जाम में 2 साल तक का टाइम रहता था, उसे 5 साल किया गया है। सरकारी नौकरियों में पूर्व सैनिकों के लिए 40 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य था, उसे 35 प्रतिशत कर दिया गया। इसे और भी कम करते हुए पर्याप्त संख्या में पूर्व सैनिक नहीं मिलने पर 30 प्रतिशत तक लाया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे में हम सभी का कर्तव्य है कि देश की रक्षा करने वाले सैनिकों तथा उनके परिवारजनों का सम्मान एवं उनकी समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता से करना चाहिए। 

शहीद वीरांगनाओं एवं गैलेंट्री अवॉर्ड धारक पूर्व सैनिकों का किया सम्मान

– राज्य स्तरीय सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष श्री रामसहाय बाजिया ने सैनिक कल्याण अधिकारी कार्यालय,शेरगढ़ के परिसर में आयोजित सैनिक संवाद कार्यक्रम में शहीद वीरांगनाओं एवं गैलेंट्री अवार्ड धारकों का शॉल ओढ़ाकर  सम्मान भी किया। इस दौरान भूतपूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं ने अपनी समस्याओं से भी अवगत करवाया जिनके शीघ्र समाधान के लिए उन्हें श्री बाजिया ने  आश्वस्त किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी शेरगढ़ कर्नल (से.नि.) बिजेंद्र सिंह महला ने श्री राम सहाय बाजिया का साफा एवं माला पहनाकर कर सम्मान किया। कार्यक्रम में भूतपूर्व सैनिक एवं शहीद वीरांगनाएं उपस्थित रही।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button