उम्मेद अस्पताल का नौंवा दशक जन्मोत्सव 22 से
सात दिन तक होंगे कई कार्यक्रम
आमजन को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता के लिए सेमीनार, नुक्कड़ नाटक आयोजित करवाए जाएंगे
जोधपुर। उम्मेद अस्पताल का नौंवा दशक जन्मोत्सव 22 सितंबर से मनाया जाएगा। इस दौरान सात दिन तक विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
डॉ एसएन मेडिकल कॉलेज एवं संलग्न चिकित्सालय समूह के कार्यवाहक प्रधानाचार्य एवं नियन्त्रक डॉ. अरूण वैश्य ने बताया कि उक्त समारोह में अस्पताल की सुविधाओं के उन्नयन तथा आमजन को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता के लिए सेमीनार, नुक्कड़ नाटक आयोजित करवाए जाएंगे। सरकार द्वारा संचालित फ्लेगशिप योजनाओं के बारे में आमजन को जानकारी दी जाएगी। उम्मेद अस्पताल अधीक्षक डॉ. अफजल हकीम ने बताया कि अस्पताल के जन्मोत्सव समारोह के उपलक्ष्य में दो नये नवाचार का शुभारम्भ किया गया है, जिसमें नवजात को जन्म के पश्चात् बेड साईड टीकाकरण शुरू किया गया है तथा लेबर रूम में प्रवेश के पूर्व संक्रमण रोकने के उदेश्य से प्रसूताओं को नये लेबर गाउन दिए जाएंगे।
अस्पताल के ऐतिहासिक भवन के मूल स्वरूप की पुर्नस्थापना तथा नवीनीकरण के कार्य करवाये जा रहे है। साप्ताहिक समारोह के दौरान पैदा होने वाले नवजात एवं प्रसूताओं को उपहार वितरण, अस्पताल परिसर में विभिन्न थीम्स के सेल्फी बूथ की स्थापना, सरकारी योजना का प्रदर्शन, अस्पताल मे जन्मे एक ही परिवार के तीन या उससे अधिक पीढ़ी के नागरिकों का सम्मान किया जाएगा जिसके तहत पंजीकरण 20 सितंबर तक करना आवश्यक होगा। इसके अलावा अस्पताल के विकास में सहयोग करने वाले भामाशाहो का सम्मान किया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस मेें कार्यवाहक प्रधानाचार्य एवं नियन्त्रक डॉ अरूण वैश्य के साथ अधीक्षक उम्मेद अस्पताल डॉ. अफजल हकीम, वरिष्ठ आचार्य डॉ मंजू बोहरा, आचार्य एवं विभागाध्यक्ष स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग डॉ रिजवाना शाहीन, आचार्य एवं विभागाध्यक्ष शिशु औषध विभाग डॉ मनीष पारख तथा डॉ. दलपतसिंह राजपुरोहित उपस्थित थे।