जोधपुर रेल मंडल को टिकट चेकिंग मद से 73 लाख 40 हजार रुपए की आय
- एक माह में पकड़े 13 हजार 611 बिना टिकट यात्री
- रेलवे जारी रखेगा सघन टिकट जांच अभियान
- ट्रेनों में की जा रही औचक टिकट चेकिंग
जोधपुर। उत्तर-पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने टिकट चेकिंग मद से अगस्त माह में 19 हजार 262 से भी अधिक मामलों से 73.40 लाख रुपए की आय अर्जित की है जिसमें बिना टिकट व अनियमित यात्रा के 13 हजार 611 मामले शामिल हैं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विकास खेड़ा ने बताया कि जोधपुर मंडल पर डीआरएम पंकज कुमार सिंह के नेतृत्व में सभी रेल मार्गों की ट्रेनों में सघन टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है जिससे रेल राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और इस अभियान को और प्रभावी बनाया जाएगा जिससे बिना टिकट यात्रा की प्रवृत्ति को हतोत्साहित किया जा सके।
सीनियर डीसीएम विकास खेड़ा ने बताया कि अगस्त माह के दौरान टिकट जांच दलों ने सराहनीय कार्य करते हुए मंडल के विभिन्न रेल मार्गों की ट्रेनों की औचक जांच कर अनियमित यात्रा के मामले पकड़े।
उन्होंने बताया कि इस दौरान पकड़े गए अनियमित बिना टिकट 13 हजार 611 यात्रियों से 52.85 लाख रूपए व बिना बुक सामान के 05 मामलों से 5 हजार 837 रुपए का राजस्व वसूल किया गया। इसके साथ ही नॉन पेनल्टी के 4245 मामलों से मंडल 18.90 लाख रुपए का राजस्व मिला। इस तरह मंडल को अगस्त माह में कुल 73 लाख 40 हजार रुपए का राजस्व टिकट चेकिंग से अर्जित हुआ।
गंदगी फैलाने व प्लेटफॉर्म, ट्रेनों में धूम्रपान करने वाले यात्रियों से 1 लाख 59 हजार वसूले
अभियान के दौरान जोधपुर मंडल के रेलवे स्टेशन और विभिन्न ट्रेनों में गंदगी फैलाते व प्लेटफॉर्म व ट्रेनों में धूम्रपान करते पाए गए 1401 मामलों में 1 लाख 59 हजार 100 रुपए का जुर्माना वसूला गया।