शिवालयों में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे
मंदिरों में उमड़ी शिव भक्तों की भीड़
सावन के आखिरी सोमवार पर बना सोम प्रदोष का शुभ संयोग
जोधपुर। सावन के आखिरी सोमवार पर आज सोम प्रदोष के शुभ संयोग में शिव आराधना की गई। सावन क सोमवार पर आज आयुष्मान योग, सौभाग्य योग, सर्वार्थसिद्धि योग और रवि योग का शुभ संयोग बना। शिवालयों में अलसुबह से ही शिवजी के जलाभिषेक के लिए लोगों में होड़ सी मची। शहर के प्रमुख शिवालयों के बाहर भक्तों की कतारें लग गई। शिवजी के जलाभिषेक कर लोगों ने बिल्व पत्र, आक-धतूरा आदि अर्पित किए। शिवालयों में विशेष झांकी भी सजाइ्र गई।
भोलेनाथ की आराधना का महीना सावन मास के अंतिम सोमवार पर आज सवेरे से ही मंदिरों में भक्तों की कतारें लगनी शुरू हो गई। भक्तगणों ने शिवालयों में पहुंचकर भोलेनाथ का अभिषेक किया। अलसुबह से ही शिवालयों में बम-बम भोले और हर-हर महादेव गुंजायमान होने लगे। शहर के प्रमुख शिवालयों में केसर, चंदन, बिल्वपत्र, दूध व जल धाराओं से अभिषेक किए गए। महा रूद्राभिषेक के साथ विशेष अनुष्ठान किए गए। देवाधिदेव से बारिश की कामना की गई। कुंवारी कन्याओं, सुहागिन महिलाओं व युवाओं के साथ बच्चों ने भी व्रत रखा। सावन का अंतिम सोमवार होने के कारण सभी शिव मन्दिरों को विशेष रूप से सजाया गया। यहां दिनभर धार्मिक अनुष्ठान चलते रहे। शहर के भीतर कटला बाजार स्थित अचलनाथ व पातालेश्वर, रातानाडा स्थित गणेश मंदिर, शिव मंदिर पब्लिक पार्क, चांदपोल में सिद्धपीठ, रामेश्वर धाम, भूतेश्वर, पंचेश्वर, गोरेश्वर महादेव मंदिर, जूना खेड़ापति शिव मंदिर में ऋतु पुष्पों का श्रृंगार किया गया। रातानाडा स्थित प्राचीन गणेश मंदिर में सवेरे से ही भक्तों का तांता लगा रहा। भगवान गणेश सहित रिद्धि सिद्धि का पुष्पों से, कृष्ण मंदिरों में भी ठाकुरजी का विशेष श्रंृगार किया गया। शहर के भीतर प्राचीन कुंज बिहारी मंदिर और अचलनाथ मंदिर में बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जैकारे गुंजायमान रहे। कुंज बिहारी मंदिर में भगवान कृष्ण का और अचलनाथ मंदिर में भगवान शिव की धार्मिक अनुष्ठान के साथ पूजा अर्चना की गई। भौगिशैल पर्वतमाला की गोद में स्थित अति प्राचीन शिवालय भूतेश्वर महादेव मंदिर में श्रावण के अंतिम सोमवार को रुद्राभिषेक व विशेष श्रृंगार किया गया। भक्तजनों ने बेल रस, दुग्ध, इत्र, शहद एवं जल से शिव अभिषेक किया तथा 108 बिल्बपत्र अर्पित किए।
महाकालेश्वर महादेव की झांकी सजाई
कबूतरों का चौक राम गली स्थित नागेश्वर महादेव मंदिर में सावन के अन्तिम सोमवार को उज्जैन के महाकालेश्वर महादेव की झांकी सजाई गई। तरुण पंवार ने बताया कि चंद्रयान 3 के सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग के उपलक्ष में महादेव के 56 भोग का आयोजन किया गया और फूल मण्डली की गई। साथ ही महादेव से देश की सुख शांति और अच्छी बारिश की कामना की। इस आयोजन में रामजीवन सोनी, सुनील भाटी, भवानी शंकर, अनिरुद व्यास, पंडित कैलाश, ओम प्रकाश भाटी, अश्विनी व्यास, महेश भाटी, राहुल भाटी, श्याम बिस्सा, राधाकिशन पुरोहित, हेमंत सोनी, गोविंद बंगाली, मनोज सोनी, सुमित कल्ला, रामजी व्यास, शिव सोनी, कैलाश सोनी, गोपाल सोनी आदि उपस्थित रहे।