बदलाव बीज में ला सकते है वृक्ष में नहीं : साध्वी रतिप्रभा
जैन संस्कार से रक्षाबंधन कार्यशाला आयोजित
जोधपुर। तेरापंथ युवक परिषद जोधपुर द्वारा जाटाबास स्थित तेरापंथ भवन में साध्वी रतिप्रभा के सानिध्य में जैन संस्कार विधि से रक्षाबंधन कार्यशाला आयोजित की गई।
प्रभारी आदर्श जैन ने बताया की कार्यशाला का शुभारंभ नवकार मंत्र उच्चारण व विजय गीत के संगान द्वारा किया गया। संस्कारक कैलाश जैन व गौरव बरमेचा द्वारा जैन संस्कार विधि से रक्षाबंधन कैसे मनाया जाए उसे सरल शब्दों में समझाकर प्रशिक्षण व डेमो दिया गया। साध्वी रतिप्रभा ने कहा की – बदलाव बीज में ला सकते है वृक्ष में नहीं, अतः जैनतव के संस्कारों के बीजारोपण हेतु युवक परिषद द्वारा कार्यशाला आयोजित की गई। रक्षाबंधन पर्व आध्यात्मिक व सामाजिक दृष्टि दोनो ही दृष्टियों से महतवपूर्ण पर्व है। रक्षा पर्व का अर्थ है अपने जीवन के मूल्यों की रक्षा करना। पर्व की महनीय गरिमा को समझे और इसको सार्थक करने का प्रयास करें।
साध्वी कलाप्रभा ने कहा की – आत्मा के गुणों की रक्षा करना, प्रेम मैत्री, सौहार्द पूर्ण आनंद का जीवन जीना ही पर्व मनाना है। नमस्कार महामंत्र, भगवान महावीर स्तुति, लोगस्स पाठ, मंगल पाठ के उच्चारण के साथ कार्यशाला मे उपस्तिथ भाई- बहन, भुआ- भतीजा, ननंद – भाभी के 12 जोड़ो बहनों ने भाइयों के मस्तक पर तिलक लगाकर व हाथ में रक्षा सूत्र बांधकर मंगलकामना प्रेषित की। परिषद की और से अध्यक्ष कमल सुराणा ने स्वागत वक्तव्य व उपाध्यक्ष राकेश सेठिया ने आभार ज्ञापित किया। उपस्तिथ जोड़ो को परिषद द्वारा मंगल भावना यंत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन निवर्तमान अध्यक्ष मितेश जैन ने किया।