राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल क्रियान्वयन के लिए डोर-स्टेप प्री-काउंसलिंग का आयोजन

जोधपुर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण,जयपुर के निर्देशानुसार जोधपुर महानगर न्यायक्षेत्र में वर्ष 2023 की तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन ऑनलाईन व ऑफलाईन माध्यम से 9 सितम्बर, 2023 को किया जाएगा। 

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जोधपुर महानगर के सचिव श्री सुरेंद्र सिंह सांदू द्वारा बताया गया कि डोर-स्टेप प्री-काउंसलिंग के लिए गठित पैनल के अध्यक्ष एवं न्यायाधीश ग्राम न्यायालय मंडोर जोधपुर महानगर श्री मोहिताश सिंह पंवार,  सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्री कपिल अरोड़ा द्वारा सोमवार को पंचायत समिति, मण्डोर में राजीनामा योग्य प्रकरणों में डोर-स्टेप प्री-काउंसलिंग करवाई गई।

शिविर में श्री मोहिताश सिंह पंवार ने राष्ट्रीय लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन एवं लंबित प्रकरणों को समाहित करते हुए राजीनामा योग्य फौजदारी प्रकरण, धारा 138 परक्राम्य विलेख अधिनियम के प्रकरण, धन वसूली, एमएसीटी, श्रम एवं नियोजन संबंधी विवाद एवं कर्मचारी क्षतिपूर्ति अधिनियम के प्रकरण, बिजली, पानी एवं अन्य बिल भुगतान से संबंधित प्रकरण (अशमनीय के अलावा), पारिवारिक विवाद (तलाक को छोड़कर) भूमि अधिग्रहण से संबंधित प्रकरण, सभी प्रकार के सर्विस मैटर्स (पदोन्नति एवं वरिष्ठता विवाद के मामलों के अलावा), सभी प्रकार के राजस्व मामले आदि रखे जाने वाले प्रकरणों की जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि उक्त सभी प्रकरणों का राष्ट्रीय लोक अदालत में आपसी समझाईश एवं राजीनामे द्वारा निस्तारण किया जा सकता है।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button