पीएम मोदी वर्चुअल करेंगे केन्द्रीय विद्यालय का लोकार्पण
केन्द्रीय विद्यालय तिवरीं 25 बीघा में 39.33 करोड़ से बना
केवी कैंपस में कर्मचारी आवास, कैंटीन और खेल मैदान हैं
जोधपुर। तिंवरी कस्बे के बिंजवड़िया रोड़ पर नव निर्मित जिले के ग्रामीण क्षेत्र के एकमात्र केन्द्रीय विद्यालय का लोकार्पण गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीकर से सुबह 11 बजे वर्चुअल माध्यम से करेंगे।
केंद्रीय विद्यालय (केवी) के प्रिंसिपल ने बताया कि समारोह को लेकर तैयारियां कर ली गई है।इस दौरान विद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा जिसमें सांसद पी.पी. चौधरी स्थानीय विधायक दिव्या मदेरणा,जोधपुर कलेक्टर हिमांशु गुप्ता, बी.एल. मोरोड़िया, उपायुक्त के.वि. संगठन क्षेत्रीय कार्यालय जयपुर व अन्य कई पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। केवी कैंपस में कर्मचारी आवास, कैंटीन और खेल मैदान हैं। बिंजवड़िया रोड पर 25 बीघा भूमि पर सितम्बर 2019 में विद्यालय भवन के निर्माण का कार्य शुरू हुआ था। 23.38 करोड़ की लागत से विद्यालय भवन इस अवधि में निर्मित होकर तैयार है, तथा इस भवन में आधुनिकतम सुविधाओं का समावेश किया गया है।
25 बीघा क्षेत्र में 23.38 करोड़ की लागत से बना है
कस्बे में स्थानीय सांसद पी पी चौधरी और तत्कालीन विधायक भैराराम सियोल के संयुक्त प्रयास से 14 जून 2018 से कक्षा प्रथम से पांचवी तक सरकारी विद्यालय के खाली पड़े भवन में संचालित होना प्रारम्भ हुआ। वर्तमान सत्र में यह विद्यालय कक्षा 10 तक क्रमोन्नत हो चुका है।
48 कमरे 2 कंप्यूटर लैब
विद्यालय भवन में 24 कक्षा कक्ष सहित कुल 48 बड़े कमरे हैं जिसमें 02 कम्प्यूटर लैब, 01 पुस्तकालय, 03 साइंस लैब, लेंग्वेज लैब, आर्ट रूम खेल-कूद कक्ष, स्टाफ रूम आदि शामिल हैं। विद्यालय में सुरक्षा हेतु अग्नि शमन संयत्र स्थापित है।
तीन मंजिला भवन में प्रत्येक तल पर छात्र-छात्राओं हेतु अलग अलग शौचालय तथा पेयजल सुविधा का प्रावधान है। दिव्यांगजनों के लिए विशेष शौचालय तथा रैम्प की भी व्यवस्था है। विद्यालय में एसेम्बली एरिया, कैन्टीन ब्लाॅक तथा खेल-कूद सुविधा हेतु 400मी. ट्रैक, फुटबाॅल, बास्केटबाॅल, वालीबाॅल, खो-खो, बैडमिंटन आदि खेलों हेतु मैदान बनाना प्रस्तावित है। वर्तमान सत्र 2023-24 में विद्यालय में बाल-वाटिका-3 भी प्रारंभ हो गई है। इस समय विद्यालय कक्षा दसवीं तक संचालित हो रहा है।