जनसम्मान वीडियो कांटेस्ट में जोधपुर के जितेन्द्र नैणीवाल रहे अव्वल
पाया एक लाख का प्रथम पुरस्कार
जोधपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मंशा के अनुरूप राजस्थान सरकार द्वारा संचालित जनसम्मान वीडियो कांटेस्ट में 8 जुलाई के परिणामों के अनुसार जोधपुर के प्रतिभागी ने एक लाख रुपए का प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया है।
जोधपुर जिले की बिलाड़ा तहसील अन्तर्गत खारिया मीठापुर में खटीकों का वास निवासी जितेन्द्र नैणीवाल पुत्र राजूराम नैणीवाल ने यह पुरस्कार जीता है।
जितेन्द्र नैणीवाल ने इंजीनियरिंग की है और समाजसेवा में जुटे हुए हैं।
कांटेस्ट में प्रथम पुरस्कार प्राप्त वीडियो के निर्देशक एवं स्क्रीप्ट राईटर श्री जितेन्द्र नैणीवाल ने बताया कि वीडियो में मुख्य कलाकार के रूप में श्री ओम साहू की भूमिका है तथा साथी कलाकार के रूप में कलाकार सेठी मेघवंशी ने अहम् किरदार निभाया है।
चयनित एवं पुरस्कृत वीडियो में बच्चों को होटल पर काम पर नहीं भेजकर महंगाई राहत कैंप में जाकर 10 प्रकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में पंजीकरण कराने तथा औरों को महंगाई राहत कैंप में जाने के लिए प्रेरित करने का विषय मुख्य है। यह जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने पर केन्द्रित है।
जितेन्द्र नैणीवाल को यह पुरस्कार मिलने पर पिता श्री राजूराम नैणीवाल, माता श्रीमती शारदा एवं बड़े भाई श्री कुलदीप नैणीवाल के साथ ही सभी परिवारजनों ने हर्ष जताया और मुख्यमंत्री श्री गहलोत तथा प्रदेश सरकार की इस योजना की तारीफ करते हुए आभार व्यक्त किया है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से इस कांटेस्ट में बढ़कर भाग लेने की अपील भी की ताकि अधिक से अधिक लोग योजनाओं के प्रति जागरूक हो सकें।