सीमा सुरक्षा बल ने भारत-पाक अन्तर्राष्ट्रीय सीमा पर संदिग्ध महिला को पकड़ा
जोधपुर। जैसलमेर सेक्टर से लगी भारत-पाकिस्तान अन्तर्राष्ट्रीय सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल की 154 वाहिनी के सतर्क जवानों ने सीमा क्षेत्र में घूमती संग्दिध भारतीय महिला को 09-10 जुलाई 2023 की रात्रि को पकड़ा।
09-10 जुलाई 2023 रात्रि के समय एक संदिग्ध महिला भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर बॉर्डर फेन्सिंग के नजदीक भारतीय इलाक़े की ओर से पहुँच गयी थी, उसी दौरान सीमा सुरक्षा बल के सतर्क जवानों ने महिला को आगे नहीं बढ़ने के लिए चैलेंज किया, जिससे महिला आगे नहीं बढी और सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने उसे गिरफ़्तार कर लिया। प्रारम्भिक पूछताछ में महिला ने अपना नाम खानि बताया इसके अलावा महिला कुछ भी सही से नहीं बता पा रही है, हालांकि इस सम्बन्ध में सुरक्षा एजेन्सियाँ गहन पूछताछ कर रही है। विदित है कि सीमा क्षेत्र में रात्रि के समय धारा 144 लागू होने के कारण अनावश्यक व अवांछनीय रूप से सीमा क्षेत्र में घूमना वर्जित होता है।