जोधपुर में दो दिवसीय संभाग स्तरीय किसान महोत्सव 30 जून एवं 01 जुलाई को

संभागीय आयुक्त ने लिया कार्यक्रम स्थल का जायजा और ली बैठक

महोत्सव में शामिल होंगे 11 जिलों के 20 हज़ार से अधिक किसान

जोधपुर। राज्य के किसानों को कृषि जगत के नवीन तकनीकों से रूबरू करवाने के उद्देश्य से आयोजित हो रहे संभाग स्तरीय किसान मेलों की श्रृंखला में जोधपुर एवं बीकानेर संभाग तथा नागौर जिले के दो दिवसीय किसान महोत्सव 30 जून व 1 जुलाई को कृषि विश्वविद्यालय प्रांगण जोधपुर में आयोजित किया जाएगा ।
मंगलवार को कृषि विश्वविद्यालय के प्रांगण में  संभागीय आयुक्त श्री कैलाश चंद मीना ने सम्मेलन की तैयारियों को लेकर कार्यक्रम स्थल पर जाकर जायजा लिया तथा कृषि विश्वविद्यालय के बैठक रूम में पुलिस, प्रशासन, विश्वविद्यालय तथा कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक ली।
बैठक में श्री मीना ने विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए यहां अतिथियों के आगमन से लेकर प्रस्थान तक सभी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। आने वाले किसानों के आवागमन बैठक व्यवस्था, चेकपोस्ट ,बसों की सुविधा, पार्किंग, चिकित्सा सुविधा आदि के लिए आवश्यक  निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से चर्चा करते हुए करते हुए सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन समय पर सुनिश्चित करते हुए समन्वित प्रयासों से आयोजन को सफल बनाने की बात की।
इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति श्री बी आर चौधरी, पुलिस उपायुक्त पूर्व डॉ अमृता  दुहन, जिला परिषद सीईओ श्री अभिषेक सुराणा, आईएएस प्रोबेशनर सुश्री अंशुल प्रिया, कृषि विभाग के अतिरिक्त निदेशक विजय कुमार पाण्डे एवं संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button