पट्टा मिलने की खुशी में प्रफुल्लित हो उठे नागरिक
शहरवासियों को सुकून दे रहे सरकार के ये शिविर
कहा – संवेदनशील और जनहितैषी जननायक हैं अशोक गहलोत
जोधपुर। महंगाई राहत कैम्प तथा प्रशासन शहरों के संग अभियान के शिविर आम जन के लिए लम्बित कार्यों के हाथों हाथ निस्तारण और विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित होने की दृष्टि से रोजाना नित नई उपलब्धियां हासिल करते जा रहे हैं। इन शिविरों में हर रोज बड़ी संख्या में लाभार्थियों को लाभ मिल रहा है तथा जरूरतमन्दों के कार्यों का त्वरित गति से निस्तारण हो रहा है।
जोधपुर शहरी क्षेत्र में आयोजित ये शिविर नगर निगम के प्रयासों से शहरवासियों के लिए वरदान सिद्ध हो रहे हैं जहाँ उन्हें राहत और सम्बल का अहसास हो रहा है। इन शिविरों से लाभान्वितों में दो नागरिक हैं श्रीमती जसोदा एवं श्री राजेन्द्रप्रसाद, जिन्हें पट्टा प्राप्त हुआ। इसके लिए वे करीब दो साल से आवेदन किए हुए प्रयासरत थे।
शुक्रवार को नगर निगम (दक्षिण) के आयुक्त श्री गोपाल परिहार ने त्वरित गति से समस्त औपचारिकताओं की पूर्ति सुनिश्चित करवाते हुए इन दोनों को पट्टा सौंपा। एक ही दिन में हाथों हाथ पट्टा मिलने की खुशी में दोनों प्रफुल्लित हो उठे और आयुक्त सहित तमाम कर्मचारियों का हार्दिक आभार जताया और कहा कि सरकार के शिविरों की बदौलत आम जन को अपार खुशियों का खजाना मिल गया है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत की तारीफ करते हुए कहा कि उनके जैसा संवेदनशील और जल हितैषी जननायक और कोई हो ही नहीं सकता।