राजस्थान में पहली बार इंटरनेशनल थियेटर फेस्टिवल जोधपुर में

राज्य मेला प्राधिकरण उपाध्यक्ष श्री रमेश बोराणा ने जारी किया उत्सव का पोस्टर

जोधपुर। राजस्थान संगीत नाटक अकादमी जोधपुर द्वारा आगामी 18 से 22 मार्च तक मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में जोधपुर इंटरनेशनल थिएटर फेस्टिवल का अपूर्व आयोजन होने जा रहा है।

अकादमी अध्यक्ष बिनाका जेश मालू ने बताया कि राजस्थान में पहली बार नाटकों पर केन्द्रित यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन जोधपुर में किया जा रहा है जिसमें उज़बेकिस्तान व दुबई सहित देश के चुनिंदा मशहूर नाटकों का मंचन देखने का अवसर जोधपुरवासियों को प्राप्त होगा। 

अकादमी अध्यक्ष ने बताया कि महिला निर्देशक व नाट्यधर्मियों पर केंद्रित यह उत्सव अपने आप में विशिष्ट व महत्त्वपूर्ण है, जिसमें ईला अरुण व अनूप सोनी जैसे सेलिब्रिटी कलाकारों के साथ देश के वरिष्ठ व समर्पित कलाकार – निर्देशक हिस्सा ले रहे हैं।

इन नाटकों का होगा मंचन

इस समारोह में 18 मार्च को स्वाति दुबे जबलपुर का नाटक – भूमि, 19 मार्च को झिलमिल हज़ारिका, उज्बेकिस्तान का नाटक- टू किल और नॉट टू बी किल, 19 मार्च को ही दूसरा नाटक महुआ कृष्णदेव, दुबई का नाटक – धी, 20 मार्च को इला अरुण मुंबई का नाटक – पीछा करती परछाइयां, 21 मार्च को प्रीता ठाकुर, मुंबई का नाटक – हमारी नीता की शादी व 22 मार्च को अतुल सत्य कौशिक, अनूप सोनी मुंबई का नाटक – बालीगंज 1990 मुंबई प्रस्तुत किया जायेगा।

रोजाना होगा टॉक-शो

उत्सव के अन्तर्गत रोजाना दिन में टॉक शो भी होंगे,  जिसमें देश-प्रदेश के नामचीन कलाविद् सहित राज्य के आम कलाकार हिस्सा ले कर रंगमंच की विभिन्न विधाओं पर पारस्परिक संवाद में विस्तृत चर्चा करेंगे। 

जोधपुर के इतिहास में आयोजित हो रहे अपनी तरह के इस पहले उत्सव को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियाँ प्रारंभ कर दी गई है।

पोस्टर जारी

राज्य मेला प्राधिकरण के उपाध्यक्ष और वरिष्ठ नाट्यधर्मी श्री रमेश बोराणा ने शुक्रवार को इंटरनेशनल थियेटर फेस्टिवल का पोस्टर जारी किया तथा उत्सव से संबंधित रूपरेखा व तैयारियों का जायज़ा लिया।

इस अवसर पर अकादमी के कोषाध्यक्ष श्री रमेश भाटी, सचिव डा. सूरजमल राव, सदस्य श्री शब्बीर हुसैन व रंगकर्मी श्री मदन बोराणा उपस्थित रहे।

इस आयोजन में प्रवेश अधिकृत कार्ड से ही होगा। ये कार्ड्स टाउनहॉल स्थित अकादमी कार्यालय से प्राप्त किए जा सकेंगे।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button