महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण को लेकर किया जागरूक
जोधपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव और अतिरिक्त जिला एवं सेशन न्यायाधीश जोधपुर महानगर रैना शर्मा द्वारा मंडोर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत बम्बोर दर्जियान में पाबोलाई नाडी पाबुजी का मंदिर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
सचिव रैना शर्मा ने बताया कि राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा वर्ष 2021-22 महिला सम्मान, सुरक्षा और गौरव को समर्पित किया गया है। जिसके अध्यधीन महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण विषय पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। उक्त शिविर में उपस्थित महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण विषय पर जानकारी देते हुए केन्द्र तथा राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं विधवा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री विशेष योग्यजन सम्मान पेंशन योजना, सम्मान पेंशन योजना इत्यादि की जानकारी प्रदान की तथा साथ ही बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के दुष्परिणामों से भी अवगत कराया गया। शिविर में अधिवक्ता क्षमा पुरोहित, सरपंच झमुदेवी प्रतिनिधि अरूण चौधरी, वार्ड पंच भंवरलाल चौधरी, नरेगा मेट मैना कुमारी चौधरी, मोहनलाल प्रजापत व सुशीला चौधरी सहित सभी नरेगा श्रमिक उपस्थित रहे। शिविर में उपस्थित महिलाओं को महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण तथा बाल विवाह निषेध अभियान के पेंपलेट्स का भी वितरण किया गया।