डॉ. खेत लखानी की प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव पारित
जोधपुर। नगर निगम दक्षिण कार्यपालक समिति की बैठक महापौर वनिता सेठ की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें कई प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा कर पारित किया गया। बैठक में मुख्य रूप से 106 प्रमुख सडक़ों के मार्ग अधिकार निर्धारण को लेकर चर्चा की गई। वहीं प्रथम महापौर डॉ. खेत लखानी की प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित हुआ।
महापौर वनिता सेठ ने बताया कि जेडीए की ओर से मास्टर प्लान तैयार किया गया था, जिसमें शहर की कई प्रमुख सडक़ों को छोड़ दिया गया था। इन प्रमुख 106 सडक़ों के मार्ग अधिकार तय करने को लेकर नगर निगम दक्षिण की ओर से मौका स्थिति का अवलोकन कर तकनीकी अधिकारियों की टीम ने रिपोर्ट तैयार की। तकनीकी समिति की रिपोर्ट के आधार पर मार्ग अधिकार तय कर 15 दिवस के भीतर आपत्तियां मांगी गई। समय अवधि के दौरान मिले आपत्तियों का निस्तारण किया गया। सभी आपत्तियों के निस्तारण के बाद इन प्रस्तावों को कार्यपालक समिति की बैठक में रखा गया। बैठक में तीन सडक़ों के मार्ग अधिकार प्रस्ताव को लंबित रखते हुए 103 सडक़ों के मार्ग अधिकार तय करने का प्रस्ताव किया गया, वहीं बैठक में जेडीए के मास्टर प्लान में शामिल 14 सडक़ों के मार्ग अधिकार में संशोधन करने का प्रस्ताव भी जेडीए को भिजवाने का निर्णय लिया गया।
नगर निगम आयुक्त (दक्षिण) डॉ अमित यादव ने बताया कि कार्यपालक समिति की इस बैठक में एकल खिडक़ी में भवन निर्माण अनुमति के लिए तय की गई 500 वर्ग मीटर भूखंड साइज को बढ़ाकर 501.86 वर्ग मीटर करने का भी निर्णय लिया गया। अब एकल खिडक़ी पर 30 गुणा 60 के भूखंड पर रहवासीय भवन निर्माण की अनुमति एकल खिडक़ी से ली जा सकेगी। यादव ने बताया कि योजना क्षेत्र के भूखंडों में सब डिविजन, संयुक्तिकरण के लिए योजना अनुसार तय किए गए सेट बैक नियम लागू करने और गैर योजना क्षेत्र के भूखंडों में आवेदित भूखंड की साइज के हिसाब से सेट बैक तय करने का प्रस्ताव भी लिया गया। आयुक्त यादव ने बताया कि बोर्ड बैठक के दौरान महाराजा उम्मेद सिंह और डॉ. सावित्री डागा मार्ग के नामकरण की घोषणा की गई थी, इन सडक़ों के नामकरण का प्रस्ताव भी कार्यपालक समिति की ओर से पारित किया गया। बैठक में उप महापौर किशन लड्ढा, उपायुक्त विवेक व्यास, एसटीपी राहुल गुप्ता, एटीपी गौतम माथुर, डीटीपी इंद्रजीत सिंह सहित 22 कमेटियों के अध्यक्ष भी मौजूद थे।