जिला कलक्टर ने किया खत्री के लोक विरासत संग्रहालय का अवलोकन

मरु क्षेत्र की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत की झलक पाकर हुए अभिभूत,

अनुपम मरु संस्कृति का संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार जरूरी – मोदी

जैसलमेर। जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने बुधवार को लोककलाविद्, संस्कृतिकर्मी एवं लेखक लक्ष्मीनारायण खत्री के एकल संग्रह द्वारा स्थापित दी थार हेरिटेज म्यूजियम का अवलोकन किया तथा वहां प्रदर्शित लोक कलाओं, संस्कृति और परम्पराओं की झलक दिखाने वाने अनुपम खजाने को देख कर अभिभूत हुए। जिला कलक्टर ने संग्रहालय में प्रदर्शित बहुआयामी विरासतों के संग्रह को देख कर प्रसन्नता जाहिर की और इस ऐतिहासिक एवं यादगार संग्रहालय के माध्यम से मरु संस्कृति की महक को देश-विदेश के पर्यटकों, जिज्ञासुओं एवं शोधार्थियों तक संवहन को महत्वपूर्ण बताया और इसके लिए लक्ष्मीनारायण खत्री की सराहना की।

विलक्षण थातियों से भरा है मरु संसार

संग्रहालय अवलोकन के दौरान जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि मरु क्षेत्र का लोक जीवन अद्भुत एवं समृद्ध परम्पराओं से भरा हुआ है। यहां के चप्पे-चप्पे में लोक कला, संस्कृति, इतिहास एवं विरासत के दर्शन होते हैं। मोदी ने कहा कि हमें गर्व होता है कि देश-विदेश के कला अनुरागी जैसलमेर के सौन्दर्य को देखने आते हैं। इस अवसर पर उन्होंने अपनी भावनाएं प्रकट करते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए जैसलमेर की सांस्कृतिक विरासत एवं लोक कलाओं को सदा के लिए अक्षुण्ण बनाए रखने आह्वान किया। प्रारंभ में संग्रहालय के संस्थापक लक्ष्मीनारायण खत्री ने जिला कलेक्टर को संग्रहालय में प्रदर्शित एक-एक कलात्मक दुर्लभ वस्तुओं का अवलोकन कराया तथा इतिहास एवं महता पर प्रकाश डाला।

ऐतिहासिक है म्यूजियम

जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने संग्रहालय में संरक्षित दुर्लभ पेंटिंग्स, ज्ञान चैपड़, पशुओं के टोकर, कातर, आदिवासियों के आभूषण, परिधान, कावड़, घास काटने के औजार, जैसलमेर रियासत के ऐतिहासिक पट्टे, जैसलमेर के राजाओं के पत्र, प्राचीन हस्तलिखित पांडुलिपियों, जन्मपत्रियों, टैक्स से संबंधित आदेशों व पत्रों, जिला कलेक्ट्रेट भवन का शताब्दी पुराना फोटो, चर्म निर्मित देसी घी के कंटेनर, मिट्टी के कलात्मक बर्तन, मारवाड़ी सेठों की बहियों,  जैसलमेर के रियासतकालीन बाट, तराजू, अफीम की कुप्रथा से जुड़े लुप्तप्रायः उपकरणों, लोहे के तालों आदि कई कलात्मक वस्तुओं, हस्तशिल्प, पुरानी सदियों की अमूल्य एवं दुर्लभ विरासतों आदि का अवलोकन किया। संग्रहालय के संस्थापक लक्ष्मीनारायण खत्री ने इन सभी संग्रहित एवं प्रदर्शित विरासतों की प्राचीनता, ऐतिहासिकता और विषयवस्तु तथा सृजन कला एवं परंपरा से विस्तार से परिचित कराया।

संस्थापक एलएन खत्री के योगदान को सराहा

जिला कलेक्टर मोदी  ने दी थार हेरिटेज म्यूजियम में विरासतों के संरक्षण एवं वैज्ञानिक रीति से सुव्यवस्थित एवं वैज्ञानिक रीति से संग्रहण के प्रति खत्री के ज़ज़्बे को देखकर प्रसन्न हुए और इसके लिए लक्ष्मीनारायण खत्री की पीठ थपथपाई। जिला कलक्टर मोदी ने म्यूजियम की विजिटर बुक में लिखा कि जिनको पश्चिमी राजस्थान के लोक कला एवं संस्कृति में रुचि हो उन्हें थार हेरिटेज म्यूजियम का अवलोकन अनिवार्य रूप से करना चाहिए। प्रारंभ में संग्रहालय के कार्यकर्ता रतन भार्गव, जीवन खत्री एवं शंकरलाल ने जिला कलेक्टर का माल्यार्पण व पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button