महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को लेकर शिविर आयोजित
जोधपुर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के एक्शन प्लान के अनुसार जुलाई में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण अधिकारों को दृष्टिगत रखते हुए विशेष गतिविधियां आयोजित करने के निर्देशों की पालना में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव व अतिरिक्त जिला एवं सेशन न्यायाधीश रैना शर्मा के नेतृत्व में संभली ट्रस्ट में आयोजित शिविर महिला सम्मान, सुरक्षा और गौरव को समर्पित किया गया। संभली ट्रस्ट द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए विभिन्न कौशल कलाओं का प्रशिक्षण दिया जाता है। ऐसे ही कौशल केंद्र मंडोर का निरीक्षण भी किया गया तथा उनके विधिक अधिकारों की जानकारी के साथ राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं जैसे पालनहार योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना, नवजीवन योजना इत्यादि योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान कोविड-19 की पालना हेतु केन्द्र तथा राज्य सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन की पालना करने हेतु निर्देश प्रदान किए गए। उक्त कार्यक्रम में संभली ट्रस्ट की श्यामा तंवर, राशि क्वात्रा आदि उपस्थित रही।