शिक्षक संघ शेखावत आंदोलन की राह पर
जोधपुर। राजस्थान शिक्षक संघ (शेखावत) के प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर 16 सूत्रीय मांग पत्र को लेकर जिला कलेक्टर के माध्यम से तय किए गए आंदोलन की रणनीति का नोटिस संगठन के जिलाध्यक्ष देवीलाल चौधरी व जिलामंत्री मकबूल खान कायमखानी के नेतृत्व में दिया गया।
इस मौके पर संगठन के संभाग संयोजक भंवर काला ने राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार के गठन के ढाई वर्ष पश्चात भी शिक्षकों की वाजिब मांगों का समाधान नहीं किया गया और न ही बार-बार आग्रह के बावजूद राज्य सरकार ने सक्षम स्तर पर संगठन के साथ वार्ता की। इससे शिक्षक समुदाय में भारी रोष व्याप्त है। सम्भाग सहसंयोजक त्रिलोकराम नायल ने बताया कि इससे पूर्व संगठन ने गत माह 14 जून को ज्ञापन भेजकर सरकार से मांग पत्र पर वार्ता कर शिक्षकों की मांगों का निस्तारण करवाने की मांग की थी लेकिन पूर्ववर्ती सरकार की भांति ही वर्तमान में भी संवादहीनता की स्थिति बनी हुई है। संगठन को लंबे समय तक इंतजार के बाद संघर्ष और आंदोलन का चरणबद्ध कार्यक्रम घोषित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा मजबूर किया जा रहा है। संगठन ने सरकार को चेताया कि यदि अविलंब मांगों का समाधान नहीं किया गया तो संगठन द्वारा आगामी दिनों में प्रदेश स्तर पर एक व्यापक आंदोलन का कार्यक्रम चलाया जाएगा जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी अन्यथा समय रहते सरकार शिक्षकों की वाजिब मांगों को मानकर इनका त्वरित निराकरण कर ले। इस दौरान संगठन के जिला कोषाध्यक्ष मांगीलाल मेघवाल, मण्ड़ोर ब्लॉक अध्यक्ष हनुमानराम बिश्नोई, ऋतुराज पारीक, जवरीलाल बिश्नोई, दयालराम चौधरी, जगदीश चौधरी, कमलेश हुड्डा सहित शिक्षक साथी उपस्थित रहे।