जिला कलक्टर मोदी ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के किसान जागरूकता रथों को हरी झण्डी दिखाकर किया रवाना
जैसलमेर। जिला कलक्टर आशीष मोदी ने गुरूवार को जिला मुख्यालय स्थित जिला कलक्ट्री कार्यालय परिसर से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के छह किसान जागरूकता प्रचार रथों को जिले के विभिन्न ग्रामीण अंचलों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से संबंधित प्रचार साहित्य का विमोचन कर जिले में वितरण के लिए जारी किया। जिला कलक्टर ने फीता काटकर रथों की प्रचार साहित्य दीर्घा का उद्घाटन भी किया।
हर किसान तक पहुंचाएं योजना की जानकारी
जिला कलक्टर ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने पर जोर दिया और कहा कि इससे संबंधित जानकारी ग्रामीणों को प्रदान करने की दृष्टि से प्रचार साहित्य ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी संस्थानों में भी रखवाया जाना चाहिए ताकि अधिक से अधिक लोग इसके बारे में जानकारी पाकर इन योजना लाभ प्राप्त कर सकें।
किसानों की समस्याओं का समाधान भी करें
जिला कलक्टर ने प्रचार रथ संचालकाें को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में रथ के भ्रमण के दौरान किसानों से प्राप्त होने वाली शिकायतों को रजिस्टर में दर्ज करें और उनका समाधान भी करते चले जाएं। इन सभी शिकायतों एवं समाधानमूलक कार्यवाही का बाकायदा दस्तावेजीकरण होना चाहिए ताकि फील्ड से प्राप्त फीडबेक के आधार पर कार्य किया जा सके।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर हरि सिंह मीना, कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. राधेश्याम नारवाल, अग्रणी जिला प्रबंधक सीएस गर्ग, सहायक निदेशक कृषि ओमप्रकाश, सहायक निदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग मांगीलाल, किसान जागृति मंच के महासचिव एडवोकेट वीरसिंह भाटी, एच.डी.एफ.सी एग्रो के जिला समन्वयक हुकमसिंह शेखावत व तनु जैन, तहसील समन्वयक संतोष कुमार, कमलेश कुमार आदि उपस्थित थे।
इस दौरान जिला कलक्टर ने इन प्रचार रथों की महत्ता के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इन रथों के माध्यम से सरहदी जैसलमेर जिले के सभी गांवों एवं सुदूर ढांणियों में फसल बीमा के प्रति लोगोंं को अधिकाधिक जन जागरूक कर विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में फसल बीमा कराए जाने के प्रति व्यापक प्रचार-प्रसार कर अलख जगाएंगे।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनान्तर्गत जैसलमेर जिले में छह फसलों को अधिसूचित किया गया है। इसमे बाजरा, मूंगफली, ग्वार, मूंग, मोठ तथा तिल शामिल हैं, जिनका आगामी 31 जुलाई तक कृषक अपना बीमा करवा सकते हैं।