रंग लाए जिला कलक्टर आशीष मोदी के प्रयास
*प्रसव कक्ष सेवाओं पर जैसलमेर को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार*
*केन्द्र सरकार ने दिया ‘लक्ष्य’ गुणवत्ता सर्टीफिकेट और प्लेटिनम पुरस्कार*
जैसलमेर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार तथा विकास के क्षेत्र में जिला कलक्टर आशीष मोदी द्वारा किए जा रहे लगातार प्रयासों की बदौलत जैसलमेर जिले को भारत सरकार से बेहतर गुणवत्ता के लिए लक्ष्य सर्टीफिकेट प्रदान किया गया है। जिला कलक्टर आशीष मोदी के निर्देशन में जिला प्रशासन, चिकित्सा विभाग एवं यूएनएफपीए द्वारा किए गए व्यापक प्रयासों से श्री जवाहिर चिकित्सालय के प्रसव कक्ष को गुणवत्ता की कसौटी पर खरा उतरने पर केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने लक्ष्य सर्टीफिकेट प्रदान किया है। इसके अन्तर्गत 3 लाख रुपए धनराशि का राष्ट्रीय पुरस्कार दिया जाएगा। राज्य सरकार एवं भारत सरकार द्वारा गुणवत्ता को परखने वाली तमाम कसौटियों पर जैसलमेर के श्री जवाहिर चिकित्सालय का प्रसव कक्ष खरा उतरा है। जिला कलक्टर आशीष मोदी की पहल पर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतरी लाने के लिए पिछले 3-4 माह से किए जा रहे सुधार एवं विकास कार्यों तथा सेवाओं में विस्तार की गतिविधियों का ही परिणाम है कि जैसलमेर जिला राष्ट्रीय लक्ष्य पुरस्कार पाने में कामयाब रहा है।
*सर्वोच्च गुणवत्ता की श्रेणी में आया जैसलमेर*
प्रदेश एवं केन्द्र सरकार द्वारा इस प्रसव कक्ष को गुणवत्ता पर केन्दि्रत सभी बिन्दुओं का गहन मूल्यांकन किया गया, जिसमें श्री जवाहिर चिकित्सालय के प्रसव कक्ष को 92 प्रतिशत अंक मिले। यह केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की सर्वोच्च गुणवत्ता श्रेणी मूल्यांकन में प्लेटिनम पुरस्कार की श्रेणी में आता है।
*संभाग में प्रथम, राजस्थान भर में द्वितीय स्थान पाया जैसाण ने*
इस तरह के लक्ष्य सर्टीफिकेशन में श्री जवाहिर चिकित्सालय ने जोधपुर संभाग में प्रथम व राजस्थान में दूसरा स्थान प्राप्त किया है, यह जैसलमेर के लिए गौरव की बात होने के साथ ही बहुत बड़ी उपलब्धि भी है। विषम भौगोलिक परिस्थितियों, स्टाफ की कमी तथा अन्य कई चुनौतियों के बावजूद जिला कलक्टर आशीष मोदी के निर्देशन में टीम जैसलमेर ने लगातार समर्पित प्रयास कर यह बेहतर मुकाम पाया है। जिला अस्पताल के इस प्रसव कक्ष के मूल्यांकन के दौरान अधिकतर बिन्दुओं पर जिला अस्पताल में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए। राज्य स्तर से इस कार्यक्रम की मोनिटरिंग कर रहे परियोजना निदेशक (मातृ स्वास्थ्य) डॉ. तरुण चौधरी एवं उनकी टीम द्वारा इस प्रसव कक्ष का अवलोकन किया और इसे और अधिक आदर्श स्वरूप प्रदान करने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
*इनकी मेहनत ने दिलाया पुरस्कार*
इन सुझावों के आधार पर यूएनएफपीए की टीम में शामिल डॉ. उज्ज्वल एवं यतेन्द्र शर्मा द्वारा तथा जिला स्तर पर प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.आर. पंवार, जिला समन्वयक परमसुख सैनी के साथ ही प्रसव कक्ष स्टाफ में शामिल डॉ. रविन्द्र सांखला, मनोहरलाल दैया, सुमित्रा गोदारा, रेखा दैया, रोहिताश कुमार मेहरा, श्वेता सिंड्रेला, मेघा गर्ग, रीता माथुर, कमला भाटी आदि समस्त चिकित्सा एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने दिन-रात मेहनत की। इसी का नतीजा है कि इस प्रसव कक्ष को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर गौरवशाली पुरस्कार मिला है। इस पुरस्कार से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, जैसलमेर में खुशी का माहौल है।
*अधिकारियों ने दी प्रसव स्टाफ को बधाई*
जिला कलक्टर आशीष मोदी के साथ ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कमलेश चौधरी, प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुणाल साहू, डॉ. वी.के. वर्मा एवं डॉ. बी.एल. बुनकर आदि ने प्रसव कक्ष टीम को बधाई दी।
*पुरस्कार राशि से और अधिक गुणात्मक विकास*
जिला कलक्टर आशीष मोदी ने बताया कि इस पुरस्कार के अन्तर्गत मिलने वाली 3 लाख रुपए धनराशि का उपयोग प्रसव कक्ष की सेवाओं और संसाधनों के विस्तार तथा और अधिक गुणात्मक विकास में किया जाएगा। इससे जैसलमेर जिले की जनता को और अधिक अत्याधुनिक सेवाओं व सुविधाओं का लाभ मिलेगा और मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को सम्बल प्राप्त होगा।