कोरोना टीकाकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पार्षद सम्मानित

जोधपुर। कोरोना के लगातार बढ़ते संक्रमण को लेकर आने वाले 15 दिन काफी महत्वपूर्ण है और इन 15 दिनों में जिला प्रशासन कोविड गाइड लाइन की पालना करवाने के साथ ही टीकाकरण कार्यक्रम को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ लेगा। यह कहना है जिला कलेक्टर इंद्रजीत सिंह का। वे कोरोना टीकाकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पार्षदों के सम्मान को लेकर डीआरडीए हॉल में आयोजित कार्यक्रम कों संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से कोरोना के संक्रमण की गति बढ़ रही है उसके चलते आगामी 15 दिन काफी चुनौतीपूर्ण रहने वाले है। इस बार संक्रमण का ग्राफ काफी तेजी से बढ़ रहा है जो सभी के लिए चिंता का विषय है। जिला प्रशासन के सामने रोजमर्रा की जिंदगी बचाने की भी प्राथमिकता है तो वही कोरोना के संक्रमण को भी रोकना महत्वपूर्ण है। ऐसे में जिला प्रशासन और नगर निगम के साथ पार्षद काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। जिला कलेक्टर ने कहा कि अभी भी शहरी क्षेत्र में कोरोना के टीकाकरण को लेकर जागरूकता की कमी है, जबकि ग्रामीण क्षेत्र में लोग स्वयं आगे आकर टीकाकरण करवा रहे हैं। ऐसे में टीकाकरण को लेकर पार्षद गण अपने-अपने क्षेत्र जागरूकता लाएं ताकि 45 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों का टीकाकरण किया जा सके। जिला कलेक्टर ने कहा कि जिस तरह से पिछली बार कोरोना के पीक समय मे संक्रमण की रफ्तार को रोकने के लिए मास्क अभियान को चलाया था, उसी तरह अब अगले 15 दिनों तक जिला प्रशासन कोरोना टीकाकरण अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देगा। नगर निगम आयुक्त दक्षिण डॉ अमित यादव ने बताया कि कोरोना टीकाकरण को लेकर अब धीरे-धीरे शहरी क्षेत्र में जागरूकता आने लगी है और पार्षद भी सक्रियता के साथ रुचि दिखा रहे हैं। नगर निगम आयुक्त उत्तर रोहिताश्व तोमर ने कहा कि शहरी क्षेत्र में कई ऐसे वार्ड है जहां अभी भी कोरोना वैक्सीनेेेशन को लेकर बहुत ही कम जागरूकता है, वैसे ही इन क्षेत्रों में भी जागरूकता लाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर नगर निगम उपायुक्त उत्तर शैलेंद्र कुमार, नगर निगम उपायुक्त आकांक्षा बैरवा, कार्यालय अधीक्षक दक्षिण सुबोध शंकर व्यास मौजूद थे।
इन पार्षदों का हुआ सम्मान
नगर निगम की ओर से आयोजित पार्षदों के सम्मान समारोह में 15 पार्षदों एवं 2 स्वास्थ्य मित्रों का सम्मान किया गया। नगर निगम उत्तर के पार्षद प्रदीप, अजय जोशी, निसार अहमद कुरेशी, सुरेश जोशी, मधुमति बोड़ा, सुनील व्यास, डॉ शैलजा परिहार, जयंती गहलोत, मुकेश कुमार शर्मा, जानी देवी को सम्मानित किया गया। वहीं नगर निगम दक्षिण के पार्षद किशन लड्ढा, दौलत सिंह, ललित गहलोत, प्रकाश देशबंधु, राकेश धारू, राजेंद्र सिंह, मोहित ओझा मीनाक्षी कोठारी, दलपत वैष्णव, पुरुषोत्तम आचार्य का सम्मान हुआ। वही टीकाकरण में सहयोग करने पर स्वास्थ्य मित्र उमेश छंगाणी और पुरुषोत्तम दाधीच का भी सम्मान किया गया।

Show More

Gulam Mohammed

(EDITOR SEVA BHARATI NEWS) ==> Seva Bharti News Paper Approved Journalist, Directorate of Information and Public Relations, Rajasthan, Jaipur (Raj.), Mobile 7014161119 More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button