राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग द्वारा सिराणा घटनाक्रम का लिया संज्ञान

पाली। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य श्री सुभाष रामनाथ पारधी गुरूवार को एक दिवसीय दौरे पर पाली पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रोहट तहसील क्षेत्र के सिराणा ग्राम पहुंच ग्रामीणों से बातचीत कर घटना के बारे में विस्तृत जानकारी ली।
माननीय सदस्य द्वारा प्रार्थी अशोक कुमार व उसकी माता एवं बहन के साथ हुई मारपीट के वायरल वीडियो व घटनाक्रम के संबंध में संज्ञान लेते हुए पीड़ित परिवार के सदस्यों से मुलाकात की गई एवं पीड़ित परिवार की सुरक्षा की जानकारी पुलिस अधीक्षक कालूराम रावत से प्राप्त की और इस हेतु निर्देश दिए। गांव में हुई मारपीट की घटना का अधिकारियों से ब्यौरा लेने के बाद माननीय सदस्य ने जिला बांगड़ अस्पताल में उपचाररत पीड़ित गर्भवती महिला से मुलाकात कर बयान दर्ज करवाएं। श्री पारधी ने उपचाररत गर्भवती पीड़िता के संबंध में प्रभारी डाॅक्टरों से बातचीत कर उचित देखरेख एवं प्रबंध के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य श्री पारधी ने बांगड़ अस्पताल से सर्किट हाउस पहुंच प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से इस घटना पर विस्तृत बैठक लेकर जानकारी प्राप्त की। साथ ही अपराधियों के विरूद्ध पुलिस कार्यवाही पर संतोष प्रकट किया। उन्होंने कहा कि सिराणा गांव में गर्भवती महिला के साथ हुई मारपीट की घटना निन्दनीय है और इस घटना का संज्ञान राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग द्वारा लिया गया है जिसका जायजा लेने के लिए ही वे पाली आएं है। उन्होंने संतोष व्यक्त किया है कि इस मामलें में पुलिस प्रशासन ने अब तक आठ में से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा मामलें में आरोपियों के विरूद्ध जिन धाराओं का उपयोग किया जाना था वे धाराएं लगाई गई है। श्री पारधी ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारियों से पीड़ितो को मुआवजा राशि व देय लाभों के बारे में जानकारी प्राप्त कर जल्द से जल्द पीड़ितों को राहत राशि देने के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि पुलिस व प्रशासन भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृति नहीं हो इसके लिए उचित कदम उठाएं जिससे ग्रामों में सामाजिक समरस्ता एकता और भाईचारा बना रहे।
बैठक में जिला कलक्टर अंश दीप, अतिरिक्त जिला कलक्टर चन्द्रभान सिंह भाटी, पुलिस अधीक्षक कालूराम रावत, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक जितेन्द्रसिंह, जिला सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी वेद प्रकाश आशिया, रोहट उपखण्ड अधिकारी ललित मीणा, रोहट तहसीलदार, रोहट विकास अधिकारी समेत पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

Show More

Gulam Mohammed

(EDITOR SEVA BHARATI NEWS) ==> Seva Bharti News Paper Approved Journalist, Directorate of Information and Public Relations, Rajasthan, Jaipur (Raj.), Mobile 7014161119 More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button