स्वच्छता महोत्सव मनाया, स्वच्छता सैनिकों का किया सम्मान
जोधपुर। स्वच्छता सर्वेक्षण में जोधपुर को बेहतर रैंक दिलाने के प्रयास में जुटे नगर निगम दक्षिण की ओर से स्वच्छता महोत्सव का आगाज किया गया। गांधी मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालो का सम्मान किया गया, वहीं कोरोना काल में अग्रिम पंक्ति में रहकर जन सेवा करने वालों का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में महापौर दक्षिण वनिता सेठ मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थी, वहीं नगर निगम आयुक्त दक्षिण डॉ. अमित यादव ने कार्यक्रम के अध्यक्ष व उप महापौर किशन लढ्ढा एवं अतिरिक्त आयुक्त राकेश शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर दक्षिण वनिता सेठ ने कहा कि आगामी महीने में देश भर में स्वच्छता की सबसे बड़ी प्रतियोगिता आयोजित होने वाली है। इस प्रतियोगिता में इस बार जोधपुर को काफी कड़ी चुनौती है। नगर निगम दक्षिण के सभी स्वच्छता सैनिक पूरी मुस्तैदी के साथ शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के प्रयास में जुटे हैं, लेकिन हमें इस शहर के नागरिक होने के नाते अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। घर से निकलने वाले कचरे को कचरा एकत्रित करने वाली टैक्सी में ही डालें और शहर को सुंदर बनाए, वहीं आमजन से कोरोना गाइड लाइन की पालना करने की अपील की। नगर निगम आयुक्त डॉ अमित यादव ने कहा कि पिछले स्वच्छता सर्वेक्षण जोधपुर में देश भर स्वच्छता के क्षेत्र में 29 वां स्थान हासिल किया। यादव ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि जोधपुर सिटी को टॉप 10 सिटी में शामिल हो लेकिन यह अकेले नगर निगम के प्रयासों से पूरा नहीं हो सकता है। इस चुनौती को सभी मिलकर स्वीकार करेंगे तो निश्चित रूप से हम सफल होंगे। उन्होंने नगर निगम कर्मचारियों के साथ ही जनप्रतिनिधियों आमजन से भी शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सहयोग मांगा। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले होटल्स, रेस्टोरेंट्स, हॉस्पिटल, स्कूल, सरकारी विभागों का सम्मान किया गया, वहीं कोरोना काल में जन जन तक खाद्य सामग्री पहुंचाने, मास्क बांटने व कोरोना अवेयरनेस का काम करने वाले स्वयंसेवी संस्थाओं व कोरोना वॉरियर्स का भी सम्मान किया गया। इस अवसर पर पार्षद अमरलाल वर्गी, दलपत वैष्णव, अशोक सिंह चौहान, दीपक माथुर, जगदीश नायक, मंजू प्रजापत, पूजा राठी, मीनाक्षी कोठारी, रविंद्र सिंह परिहार, नरेंद्र फीतानी, पुरुषोत्तम आचार्य, अलका पंवार, सुनील सम्भावनी, नरेंद्र सिंह, अनिल कुमार प्रजापत, बसंती मेवाड़ा, भीमराज राखेचा, उपायुक्त आकांशा बेरवा मौजूद थे। नगर निगम को दो भागों में बांटने के बाद नगर निगम दक्षिणी के नए लोगों का सोमवार को विमोचन किया गया। महापौर दक्षिण वनिता सेठ, आयुक्त दक्षिण डॉ. अमित यादव, उपमहापौर किशन लड्ढा, अतिरिक्त आयुक्त राकेश शर्मा सहित सभी पार्षदों ने नए लोगों का विमोचन किया। नगर निगम दक्षिण का यह नया लोगो विजय सूर टीम की ओर से तैयार किया गया है।