आँगनवाड़ी केन्द्र में संवाद कार्यक्रम, महिलाओं ने की चर्चा
जैसलमेर। जैसलमेर शहर की मेघवाल बस्ती स्थित आंगनवाड़ी केन्द्र क्रमांक – 14 में शुक्रवार को संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें उपस्थित महिलाओं ने खुलकर अपनी समस्याएँ बताई। इसमें महिला अधिकारिता विभाग के अधीन संचालित महिला शक्ति केन्द्र की जिला समन्वयक रीना छंगानी ने उपस्थित महिलाओं को महिला उत्थान से संबंधित विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने योजनाओं के नाम, उद्देश्य, पात्रता, लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया आदि के बारे में जानकारी दी और कहा कि इनका लाभ प्राप्त करने में आगे आएं और दूसरी जरूरतमन्द एवं पात्र महिलाओं को भी इन योजनाओं के बारे में बताएं।
सँवारें बेटियों का भविष्य
उन्होंने कहा कि अब सरकार ने इतनी सारी योजनाओं को लागू कर रखा है अब बेटी को बोझ नहीं माना जा सकता। बेटियों के पक्ष में सरकार की खूब सारी योजनाएं एवं कार्यक्रम हैं जिनका लाभ देकर बेटियों के भविष्य को सुनहरा स्वरूप दिया जा सकता है। उन्होंने पालनहार योजना, गर्भवती महिलाओं के लिए प्रसूता योजना के साथ ही शिक्षा सेतु योजना के बारे में बताया और कहा कि इस योजना के माध्यम से फिर से शिक्षा के क्षेत्र में प्रवेश कर शिक्षा-दीक्षा को मजबूती दी जा सकती है। छंगानी ने कौशल सामथ्र्य संवर्धन योजना की जानकारी दी और बताया कि इसमें अपने पसन्दीदा हुनर में दक्षता प्राप्त कर आत्मनिर्भर जीवन प्राप्त किया जा सकता है। इसके लिए उन्होंने उपस्थित महिलाओं से कहा कि वे अपनी रुचि के अनुरूप कौशल का प्रशिक्षण पाने के लिए अपने नामों की सूची आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मीना देवपाल तथा सहायिका अनुदेवी को प्रदान करें ताकि इस योजना में जरूरतमन्द महिलाओं को प्रशिक्षण दिलाया जा सके। जिला समन्वयक ने विधवा एवं वृद्धावस्था पेंशन योजनाओं से जरूरतमन्द महिलाओं को जोड़कर लाभान्वित करने की अपील की और इन पेंशन योजनाओं का लाभ पाने के तौर-तरीकों के बारे में विस्तार से समझाया।
आत्मनिर्भरता पाएं, आगे बढ़े
उन्होंने बताया कि जो महिलाएं घर पर ही रहकर कार्य करना चाहती हैं उनके लिए आईएम शक्ति कौशल सामथ्र्य योजना के अन्तर्गत राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम के माध्यम से विभिन्न प्रकार की ट्रैड्स के प्रशिक्षण का प्रावधान है। इसमें हेयर कोर्स, स्किन एण्ड मेकअप, मोबाइल रिपेयरिंग, प्रिजर्वेशन ऑफ फूड्स एण्ड वेजीटेबल और उनके पैकिंग की प्रक्रिया आदि का प्रशिक्षण शामिल है। इसका लाभ प्राप्त करने की इच्छुक महिलाओं के नाम भी उन्होंने कार्यकर्ता को लिखवाने के निर्देश दिए। उन्होंने बालिकाओं के उत्थान के लिए संचालित राजश्री योजना व सुकन्या समृद्धि योजना आदि की विस्तृत जानकारी दी।
सखी केन्द्र और सलाहकार केन्द्र का लाभ लें
जिला समन्वयक छंगानी ने जिले में महिलाओं के संरक्षण व उनके अधिकारों की रक्षा के लिए चल रहे सखी केंद्र व महिला सुरक्षा सलाहकार केंद्र के बारे में जानकारी दी और बताया कि जो महिलाएं इन विवादों व समस्याओं से जूझ रही हैं वे इनका सहयोग पाएं।
उन्होंने जानकारी दी कि जैसलमेर जिला मुख्यालय पर श्री जवाहिर चिकित्सालय परिसर में संचालित सखी केन्द्र में महिलाओं से संबंधित पारिवारिक विवादों का सुलटारा करवाया जाता है। इनमें महिलाओं को पूरी संवेदनशीलता के साथ आत्मीय एवं मैत्रीपूर्ण व्यवहार मिलता है तथा उनका नाम पूरी तरह से गोपनीय रखा जाता है। जिला समन्वयक ने आंगनवाड़ी केन्द्र से संबंधित गतिविधियों का निरीक्षण किया और विभिन्न योजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी ली।