तम्बाकू एवं जंकफूड का उपयोग युवा पीढ़ी के लिए घातक
जोधपुर। एक फरवरी से छः फरवरी के मध्य तम्बाकू एवं जंक फूड़ से होने वाली हानियों से अवगत कराने के लिए मौलाना आजाद विश्वविद्यालय जोधपुर में जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है।
राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत मनाये जा रहे इस जागरूकता सप्ताह के अन्तर्गत आयोजित हुए एक व्याख्यान कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव मोहम्मद अमीन ने विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी की देश में महत्वपूर्ण भूमिका होती है। तम्बाकू एवं जंकफूड का उपयोग युवाओं को क्षणभर के लिए खुशी तो दे सकता है लेकिन भविष्य के लिए ये बड़ा घातक है ये जानते हुए भी वे इसका प्रयोग करते है। अपने शरीर को हानि पहुंचाते है। परिवार के लिए परेशानी खड़ी करते हैं। उन्होंने कहा कि देश में तम्बाकू के सेवन से कैंसर, अस्थमा, भूख न लगना आदि बीमारी के मरीज दिनों दिन बढ़ते जा रहे हैं यह बड़ी चिन्ता का विषय है।
जारूकता सप्ताह के अन्तर्गत हुए दूसरे व्याख्यान में गृहविज्ञान की प्रवक्ता डाॅ. साबरा कुरैशी ने कहा कि अगर महिला शिक्षित होती है तो पूरा परिवार शिक्षित होता है यह सत्य वचन है। यदि महिलाएं भी क्षणिक सुख के लिए तम्बाकू एवं जंकफूड का प्रयोग करती हैं तो खुद के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करती हैं। गर्भावस्था में तम्बाकू के सेवन से मां के साथ-साथ होने वाले बच्चे पर भी इसका बुरा असर पड़ता है। प्रतिज्ञा करें कि हम तम्बाकू और जंक फूड का प्रयोग नहीं करेंगे। स्वयं जागरूक होकर अपने परिवार, आसपास के मोहल्लों एवं ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को भी जागरूक करेंगे।
राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत गुरूवार को भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमे बीए. बी.एड़. की छात्रा सपना, बी.ए. की छात्रा सेजल परवीन व एम. काॅम की छात्रा मनीषा हिगोंरानी ने कहा की तम्बाकू और बिड़ी, सिगरेट के सेवन से हम हमारा शरीर तो खराब कर ही रहे है लेकिन इसके धुंऐ से आसपास बैठने वालों को भी अत्यधिक नुकसान पहुंच रहा है।
कार्यक्रम में अधिष्ठाता शैक्षणिक डाॅ. इमरान खान पठान व शिक्षा संकाय की डीन डाॅ. समीना का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में असिस्टेंट प्रोफेसर डाॅ. अजीज उल हसन एवं डाॅ. शाहिद मौजूद रहे। शुक्रवार को ‘तम्बाकू एवं जंक फूड़ से होने वाली हानियां‘ विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। आभार वाणिज्य संकाय के डीन डाॅ. निरंजन कुमार बोहरा ने व्यक्त किया।