लोको पायलट की एकाग्रता के लिए रेलवे ने की पहल
जोधपुर। ट्रेन संचालन करने वाले लोको पायलट तथा सहायक लोको पायलट का ट्रेन संचालन के समय एकाग्रता बनाए रखने के साथ चिंतामुक्त होना बहुत जरुरी है। ट्रेन ड्राइवर के चिन्ताग्रस्त होने से एकाग्रता भंग होने पर ट्रेन दुर्घटना होने की आशंका रहती है। इस मनोवैज्ञानिक दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए जोधपुर मण्डल रेल प्रबंधक गीतिका पाण्डेय के निर्देशन में ट्रेन चालक दल के परिजनों को परामर्श दिया जा रहा है। रेलवे की इस अनूठी पहल के माध्यम से इन रेलकर्मियों के घरों में खुशनुमा माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। रेलवे अधिकारी तथा सुपरवाइजर मण्डल के लोको व सहायक लोको पायलट के घर व कॉलोनी में जाकर उनके परिजनों को समझा रहे है। कर्मचारियों को घर पर आराम पूरा देने, नशे से दूर रखने तथा घर में खुशनुमा माहौल बनाया रखने की जरुरत समझा रहे है। मंडल पर 60 से अधिक लोको पायलट व सहायक लोको पायलट के परिवारों से संवाद कायम किया गया है।