संविदा कार्मिकों ने विविध मांगों का सौंपा ज्ञापन
सिरोही। जिला अस्पताल के संविदा कार्मिकों को आरएमआरएस द्वारा नियुक्ति दिलवाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर आनंद कुमार की अध्यक्षता में जिला कलेक्टर व प्रमुख चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि विगत कई वर्षांे से राजकीय सामान्य चिकित्सालय सिरोही में कार्यरत समस्त एनजीओ कार्मिक निष्ठापूर्वक व संतोषप्रद सेवाएं प्रदान कर रहे है, किंतु प्लेसमेंट ऐजेंसी से लगे होने के कारण समय पर भुगतान न होने से काफी परेशानियांे का सामना करना पड रहा है। क्योंकि प्लेसमेंट एजेंसी से श्रम विभाग व वित विभाग द्वारा निर्धारित मानदेय नहीं मिलता है। आज दिन तक भी तीन माह से मानदेय बकाया है। समस्त कार्मिकों का कहना है कि यदि वे सभी आरएमआरएस द्वारा नियुक्त हो जाते है तो सरकार का जीएसटी भी बचता है व समय पर भुगतान व पूरा मानदेय प्राप्त हो जाता है तथा प्लेसमेंट एजेंसी द्वारा किए जा रहे आर्थिक एवं मानसिक शोषण से मुक्ति मिल जाएगी।