संभागीय आयुक्त के आदेश पर रोक लगाने की मांग
सिरोही। राजस्थान समग्र शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. उदयसिह डिंगार ने मुख्यमंत्री, शिक्षामंत्री, मख्यसचिव समेत शासन सचिवों को ज्ञापन भेजकर संभागीय आयुक्त जोधपुर द्वारा जारी आदेश जो कि गत 22 अक्टूबर को जारी किया था, उस पर तत्काल रोक लगाने एवं शिक्षक स्वाभिमान की रक्षा करने की मांग की है। ज्ञापन में उन्होंने बताया कि जब शिक्षा विभागाध्यक्ष निदेशक द्वारा जारी नियमानुसार अध्यापकों के दैनिक उपस्थिति का इंद्राज शाला दर्पण पोर्टल पर किए जाने का प्रावधान किया है, जिस पर नियमित रूप से प्रतिदिन की उपस्थिति, अवकाश, प्रतिनियुक्ति का सतत इंद्राज एवं उच्चाधिकारियों द्वारा मॉनीटरिंग भी की जा रहीं है। ऐसे में संभागीय आयुक्त जोधपुर के पत्रानुक्रम में अध्यापकों एवं कार्मिकों के हस्ताक्षरों की फोटो प्रतिदिन वाटसग्रुप में प्रेषित एवं वायरल करने के आदेश पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने अवगत करवाया कि इस प्रकार हस्ताक्षरों की फोटो ग्रुपों में भेजने, महत्वपूर्ण राजकीय रेकर्ड की फोटो प्रतिदिवस ग्रुपों में प्रेषित करने से हस्ताक्षरों के दुरुपयोग की भी आशंका हो सकती है। उन्होंने दैनिक उपस्थिति की विभागीय पोर्टल के अतिरिक्त अन्य वाटसग्रुप में हस्ताक्षरों की फोटो प्रेषित करने की प्रक्रिया पर कड़ा एतराज जताते हुए इस पर तत्काल रोक लगाने अथवा संशोधन करने की मांग की हैं।