बिलाड़ा विधायक को सौंपे ज्ञापन
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमण्डल ने बिलाड़ा विधायक हीरालाल मेघवाल को ज्ञापन देकर वाणिज्य कर विभाग द्वारा सी-फॅार्म जारी नही करने की व्यवहारियों की समस्या को दूर करने की मांग की। इसके साथ ही बिजली दर बढ़ोतरी वापस लो संघर्ष समिति द्वारा भी मुख्यमंत्री के नाम लिखा गया ज्ञापन विधायक को सौंपा गया। लघु उद्योग भारती के अंचल महासचिव महावीर चौपड़ा ने बताया कि पुराने सी फॉर्म लम्बे समय से बकाया है, विभाग सी फॉर्म नहीं आने पर भारी जुर्माना व ब्याज लगा रहा है। सी-फॉर्म नहीं मिल पाने के कारण वाणिज्य कर विभाग द्वारा व्यवहारियों से करान्तर ब्याज व पैनल्टी की मांग की जा रही है। चूंकि ब्याज व पैनल्टी की डिमाण्ड नोटिस खड़े है इस कारण विभाग बाहर भेजे जाने वाले सी-फॉर्म को भी जारी नही कर रहा है जिससे विकट समस्या उत्पन्न हो गयी है कि अन्य राज्यों के व्यवहारियेां को भी करान्तर ब्याज व पैनल्टी चुकाने के लिये कहा जा रहा है। वहीं मारवाड़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री के महासचिव माधोसिह भण्डारी ने बताया कि उद्यमियो की विद्युत संबंधित सभी समस्याओ को विधायक हीरालाल मेघवाल ने गंभीरता से सुना। मेघवाल ने कहा कि वे इस विषय को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के समक्ष रखेंगे। इस अवसर पर प्रतिनिधिमण्डल में प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल आदि उद्यमी उपस्थित थे।