स्वामी अग्निवेश को श्रद्धांजलि अर्पित की
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। आर्य समाज की सर्वोच्च संस्था सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा के पूर्व प्रधान, बंधुआ मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, गरीब, मजलूमों की आवाज यूएनओ में उठाने वाले विश्व विख्यात संन्यासी स्वामी अग्निवेश की स्मृति में आर्य समाज मंडोर में श्रद्धांजलि सभा हुई। इसमें हिंदू, मुस्लिम सिख, ईसाई धर्म के धर्मगुरु, शिक्षाविद, समाजसेवी व गणमान्य लोगों ने स्वामी को श्रद्धा से याद किया। समारोह में स्वामी अग्निवेश के खिलाफ सोशल मीडिया पर नफरत व जहर भरे शब्द उगलने वाले पूर्व आईपीएस नागेश्वर राव के खिलाफ आंदोलन व कानूनी कार्रवाई करने का प्रस्ताव लिया गया। आर्य वीर दल जोधपुर की ओर से आयोजित सभा का शुभारंभ सोजती गेट गुरुद्वारा के भजन गायक जयपाल ज्ञानी, रंजीत सिंह ज्ञानी ने संत नाम एक हो.. सुनाकर की। सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा नई दिल्ली के उपमंत्री रामसिंह आर्य ने कहा कि हरिजनों को नाथद्वारा मंदिर में प्रवेश दिलाने, सतीप्रथा व कन्या भ्रूण हत्या जैसे जघन्य अपराधों के खिलाफ आंदोलन का नाम स्वामी अग्निवेश है। कैथोलिक चर्च के फादर जेकब थॉमस स्वामी अग्निवेश जैसे व्यक्तित्व संसार मे कम प्रकट होते हैं। उन्होंने प्रभु का नाम सहारा मेरा, मैं हूं नैया वो किनारा मेरा.. गीत सुना अग्निवेश को ईश्वर चरणों मे स्थान देने की प्रार्थना की। काजी वाहिद अली ने सुरेफ़ातहा के कलमा व महर्षि दयानंद सरस्वती रचित्त सत्यार्थ प्रकाश के वेदमंत्रो का उच्चारण कर मानव-मानव एक समान होने का संदेश दिया। उन्होंने रामसिंह आर्य को 102 साल पुराना उर्दू ग्रंथ भेंट किया। प्रसिद्ध गजल गायक स्व. जगजीत सिंह का चि_ी ना कोई संदेश जाने वो कौनसा देश.. को वाहिद खान ने गुनगुनाया तो सभी भावविभोर हो गए। जेएनवीयू के पूर्व कुलपति बीएस राजपुरोहित ने कहा कि 11 सितंबर की शाम को जैसे स्वामी अग्निवेश के दिवंगत होने का समाचार सुनते ही स्तब्ध हो गया। स्वामी के विचार एक क्रांतिकारी योद्धा के थे। उन्होने हमेशा गरीबों व मजलूमों के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनकी क्षति होना देश के लिए बहुत बड़ा आघात है। बीकानेर विश्विद्यालय के पूर्व कुलपति गंगाराम जाखड़ ने कहा कि स्वामी अग्निवेश को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम सभी उनके सपनों को पूरा करेंगे। नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे यूनियन सचिव मनोज कुमार परिहार ने कहा कि देश के किसी भी कौने में गरीबों के हक के लिए अगर कोई आंदोलन हो रहा है तो स्वामी अग्निवेश का नाम ज़रूर आता है। इस दौरान किशन सिंह, नारायण सिंह सर, भंवरलाल हटवाल, आजम जोधपुरी, गोपीकिशन, हेमंत शर्मा, अश्विनी दास, डॉ. लक्ष्मण सिंह सहित अन्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए। आर्य वीर दल राजस्थान के अधिष्ठाता भंवरलाल आर्य व अध्यक्ष हरीसिंह आर्य ने धर्मगुरुओं को सत्यार्थ प्रकाश ग्रंथ भेंट किया। कार्यक्रम का संचालन विनोद गहलोत ने किया। अंत में संचालक उम्मेद सिंह आर्य ने आभार जताया।